संतकबीरनगरः जूता कांड के बाद फिर भिड़े भाजपा सासंद व विधायक समर्थक, प्रदेश अध्यक्ष की सभा रद

April 14, 2019 3:18 PM0 commentsViews: 624
Share news

 

अजीत सिंह

संतकबीरनगर। संतकबीर नगर जिले में भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी और भाजपा विधायक राकेश सिंह बघेल के बीच हुए जूताकांड की आग अभी ठंडी नहीं हुई। शनिवार को मेंहदावाल में जगत गुरु इंटर कालेज में आयोजित विजय संकल्प युवा सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह ने सांसद शरद त्रिपाठी मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

इन कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय के खिलाफ भी नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम में लगी कुर्सियों को तोड़ दिया। हंगामा इतना बढ़ा कि पुलिस को हल्का बल प्र्रयोग करना पड़ा। इस हंगामे के चलते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम में नहीं पहुंचे और रैली को स्थगित कर दिया गया।  नारेबाजी करने वाले कार्यकर्ता भाजपा विधायक राकेश सिंह बघेल के समर्थक थे। बाद में दोनों के समर्थर्कों के बीच मारपीट की खबरें भी मिलीं।

यह कार्यक्रम दोपहर में शुरू हुआ। दोपहर दो बजे इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय को पहुंचना था। कार्यक्रम चल रहा था कि कार्यकर्ताओं का एक समूह भाजपा विधायक राकेश सिंह और जय चैबे के समर्थन में नारे लगाने लगा। इस पर मंच पर बैठे नेताओं ने नारेबाजी करने से मना किया। इससे नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ता भड़क गए और वे भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी के खिलाफ नारे लगाने लगे।

ये कार्यकर्ता शरद त्रिपाठी के विरोध में तख्तियां भी लिए हुए थे। इसी बीच कुछ लोगों ने कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दी। कुछ लोग गालियां भी दे रहे थे और मारने-पीटने की बात कर रहे थे। कुछ कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। इन कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी के साथ-साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय के खिलाफ भी नारेबाजी की। जवाब में सांसद शरद त्रिपाठी के समर्थन में भी नारे लगे। हालत बिगड़ता देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने कुर्सियां तोड़ रहे कार्यकर्ताओं को दौड़ा लिया।

Leave a Reply