योगी का एक सालः जगदम्बिका पाल बोले विकास किया, माता प्रसाद ने कहा समग्र विनाश हुआ

March 20, 2018 4:01 PM0 commentsViews: 1374
Share news

नजीर मलिक

सिद्धार्थनगर। योगी सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल की समीक्षा करते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक दूसरे से विपरीत टिप्पणियां की हैं। सत्ता पक्ष ने जहां योगी राज की तारीफों के पुल बांधने से नहीं चूके, वहीं विपक्ष ने इसे जंगल राज कह कर उनका मजाक उड़ाया है। सत्ता पक्ष  ने योगी सरकार को विकास का प्रतीक तो सपा ने उसे विनाश का अलमबरदार कहा है।

अराजकता और भ्रष्टाचार से परिपूर्ण रहा योगी राज का एक वर्ष- माता प्रसाद पांडेय

समाजवादी पार्टी के बडे नेता और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय जी ने यूपी सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल को निर्रथक और अराजकता से भरा करार देते हुए कहा है कि इनके ते में आम जनता का भला करने जैसा कोई काम नहीं है।

माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि अखिलेश यादव की जनता से जुडी एम्बुलेंस सेवाओं का बुरा हाल है। 100 नम्बर का कहीं पता नहीं चल रहा है। स्वास्थ्य सेवायें बदहाल हैं। सरकारी स्कूलों में बच्चों को सर्दी खत्म होने के बाद स्वेटर बांटे जाते रहे।  प्रशासन में भ्रष्टाचार को बढावा मिला। किसानों के कर्ज के नाम पर खिलवाड़ किया गया। स्वयं सत्ताधारी दल के नेताओं के बयान सामाजिक भेद पैदा करने वाले रहे।‘

कानून व्यवस्था के बारे में उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश असुरक्षित है। यहां तक कि राजधानी लखनऊ सुरक्षित नहीं है। अभी कुछ दिन पहले लखनऊ में सत्ता पक्ष के एक नेता की बहन के घर डकैती पड़ गई। एक लड़की की लाश लखनऊ शहर में पेड़ से लटकी पायी गई। इससे पूर्व शहर में सत्ता पक्ष के एक पूर्व विधायक के बेटेकी निर्मम हत्या कर दी गई।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह लखनऊ का हाल है तो अन्य जगहों का क्या होता होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था सुधारने के नाम पर प्रदेश भर में निर्दोषों के काउंटर जरूर किये जा रहे है।

योगी राज में विकास तो बहुत हुआ, लेकिन विपक्ष स्वीकर नहीं कर पा रहा़- जगदम्बिका पाल

दूसरी तरफ क्षेत्रीय सांसद और भाजपा के बड़े नेता जगदम्बिका पाल ने कहा है कि यूपी के एक साल के शासन में सूबे का समग्र विकास हुआ है। यह और बात है कि सरकार के लोकप्रिय होने के भय से विपक्ष सरकार के कामों को स्वीकर नही कर पा रहा है।‘’

उन्होंने कहा कि पूर्व समाजवादी शासन में क्या था? पुलिस विभाग तक जातिवाद का शिकार हो चुका था। कुछ खास लोगों  की बात ही सुनी जाती थी। इस सरकार ने पुलिस विभाग को जातिवाद से मुक्त किया। किसानों के कर्जे माफ किये गये, इसमें जाति धर्म नहीं देखा गया। आज प्रदेश में अपराधों पर अंकुश लग रहा है। अपराधी मारे जा रहे हैं।

सांसद पाल ने कहा कि प्रदेश में विकास योजनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री योगी जी ने अभी हाल में 4 लाख युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की है। लेकिन विपक्ष का काम है नकारना और यह वही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों के लिए सरकार ने काम किया। गेहूं और धान खरीद के लिए किसानों को दाम भी पिछली सरकारों से ज्यादा दिये और दे रहे हैं।

पाल ने कहा कि योगी जी ने प्रदेश को भयमुक्त बनाया है। पिछले एक साल में यूपी में एक भी दंगे नहीं हुए, जबकि अखिलेश राज में सैकड़ों दंगे हुए थे। यह हमारी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि जनता को कोई खतरा नही है। उन्होंने कहा कि  अभी योगी सरकर को एक साल हुआ है। तमाम योजनाए बन कर घोषित हो गई है, जिसका आसर आने वाले दिनों में दिखने लगेगा।‘

 

 

 

 

Leave a Reply