शव दफनाने को लेकर तनाव भरा विवाद, पुलिस व राजस्व टीम ने सुलझाया मसला

September 19, 2021 10:17 AM0 commentsViews: 2201
Share news

—अन्ततः प्रशासन ने कब्रिस्तान में कराया शव को दफन

 

नजीर मलिक

 

सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के मधुबेनियां में एक व्यक्ति की लाश को दफनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद अभी तनाव बढ़ने की ओर ही था कि सूचना पाकर मौके पर भारी पुलिस बल पहंच गई और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। इसके बाद शव को कबिस्तान में दफनाया जा सका। इस घटना के बाद भी वहां पुलिस की नजर बनी हुई है।

सदर थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 13 के टोला मधुबेनियां निवासी शाह मोहम्मद उर्फ भुक्कू की मौत गुरुवार भोर में हो गई। परिजनों ने शव को दफनाने के लिए मधुबेनिया गांव के भीटे पर कब्र खोद रहे थे। वहां पहले भी लाशें दफन होती थीं। मगर उस दिन गांव के दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति करते हुए लाश दफनाने से रोक दिया। उनका दावा था कि उक्त भीटा नुमा परती जमीन उनके नम्बर में है। इस पर विवाद खड़ा हो गया। दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। मृतक पक्ष का कहना था कि वहां  पहले से लाशें दफनाई जा रही है।

लिहाजा शव को भीटे पर दफनाने को लेकर एक पक्ष अड़ गया तथा दूसरा पक्ष भी शव दफनाने के लिए मना करने लगा। जिसकी शिकायत सदर पुलिस से की गई। इस विवाद की जानकारी होते ही भारी संख्या में पुलिस बल को वहां तैनात कर शव को दफनाने से रोक कर सदर पुलिस समझौते की कोशिश करने लगी। पुलिस लगातार समझाती रही लेकिन लोग शव को अन्यत्र दफनाने को राजी नहीं हुए। इस प्रकार विवाद तनाव का रूप लेने लगा। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विवादित भूमि की पैमाइश कराने की ठानी और तत्काल एसडीएम सदर को सूचना दी गयी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने मौके पर कानूनगों सहित राजस्व टीम भेज कर जमीन की पैमाइश का आदेश दे दिया।

निर्देश मिलते ही राजस्व निरीक्षक शीतल प्रसाद द्विवेदी, लेखपाल विनय पांडेय, राहुल त्रिपाठी, एसओ सदर केडी सिंह, चौकी इंचार्ज नौगढ़ सभाजीत मिश्र, सहित भारी संख्या में पुलिस बल की उपस्थिति में भूमि की पैमाइश की गयी। पैमाइश के दौरान नम्बर के दो अलग अलग हिस्से दो व्यक्तियों के व्यक्तिगत नम्बर के निकले। इसके बाद प्रशासन ने शव को वहां से हटा कर कबिस्तान में दफनाने का आदेश दिया। अन्ततः सांयकल लाश दफनाई जा सकी। तब कहीं जाकर विवाद का हल हुआ। पुलिस के मुताबिक स्थिति अब नियंत्रण में है। फिर भी चौकसी बरती जा रही है।

इस मौके पर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य रमजान अली, प्रधान वजहुल कमर, मोहम्मद सईद, सपा नेता जोखन चौधरी, अब्दुल कलाम, गुड्डू सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply