पांच दिन की दुधमुंही बच्ची आखिर हवा में कैसे गायब हो गई, जमीन खा गई या आसमान
एम. आरिफ

इटवा, सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थानान्तग॔त ग्राम धनधरा में गत दिवस दोपहर मे मां के पास सो रही पांच दिन की नवजात बच्ची अचानक गायब हो गयी। आखिर ऐसा कैसे हुआ? क्या कोई बच्ची हवा में गायब हो सकती है, जैसे की बच्ची की मां बता रही है। यह घटना गांव वालों के लिए एक रहस्य बनी हुई है। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं है।
जानकारी के अनुसार गुरूचरन की पत्नी लक्ष्मीदेवी अपने पांच दिन के बच्ची को लेकर घर के बरामदे में दोपहर में लगभग बारह बजे आराम कर रही थी। उसने मुताबिक बच्ची अचानक हवा में गायब हो गई। यह घटना सुनकर गांव में सनसनी फैल गयी। लोगों ने गांव में तथा आस पास के सीवान में खोजबीन की, परन्तु बच्ची का पता नहीं चल सका। लोग बाग कह रहे थे कि बच्ची हवा में गायब कैसे हो सकती है।
बकौल लक्ष्मी देवी दोपहर को हवा का एक झोंका आया और उसी के साथ बच्ची गायब हो गयी। इसके अलावा हवा के झोकें से मै भी गिर गयी। शोर करने पर परिजन और गांव वालो ने काफी खोजबीन की परन्तु बच्ची का कुछ पता नहीं चला । गुरूचरन के पिता संतरी ने बताया कि घटना से मेरा परिवार सदमे में है।
गांव वालों के अनुसार मां की बातें ताज्जुब से भरी हैं। जिस पर किसी को यकीन नही आ रहा। दिन में बच्ची के अचानक गायब होने को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाएं है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर का कहना हैै कि घटना की मुझे जानकारी नहीं है।




