उसका बाजार का विकास समाजवादी माडल के मुताबिक होगा, विपक्ष का भी सहयोग चाहूंगी – पुनीता यादव
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत उस्का बाजार की नयी अध्यक्ष पुनीता यादव ने कहा है कि इस उपनगर का विकास समाजवादी माडल के अनुसार किया जायेगा। विकास के लिए धन खर्च करने का काम शुरु में वार्ड के पिछड़ेपन के आधार पर तय किया जायेगा। तत्पश्चात समग्र विकास पर ध्यान दिया जायेगा। इसके अलावा नगर के लिए मास्टर प्लान भी बनाया जायेगा।
आज यहां कपिलवस्तु पोस्ट के साथ यह बात उन्होंने कहीं। उस समय उनके पति सुरेश यादव भी साथ थे। उन्होंने कहा कि पिछले 5 सालों में नगर का विकास असंतुलित हुआ। जररूरतमंद सुविधाओं से वंचित रहे, प्रभावशाली लोग पैसे का मनमानी और गैरजरूरी उपयोग करते और कराते रहे। जबकि यहां समस्याएं यथावत हैं। यह अब आगे नहीं चलेगा। सब कुछ एक नीति के अनुसार होगा।
नयी चेयरमैन पुनीता यादव ने कहा कि कि उपनगर उस्का बाजार में ढेरों समस्यायें हैं। क्षे़त्र में बिजली, पानी, सड़क का काम पिछड़ा है। अल्पसंख्यक बहुल मुहल्लों में काम कम हुआ है। दलितों और पिछड़ों का क्षे़त्र भी विकास ये वंचित रहा है। इस असंतुलन को पूरा करने के लिए इन क्षेत्रों में विकास को प्रमुखता दी जाएगी। जब से क्षेत्र विकास की दौड़ में शामिल हो जाएंगे तो पूरे क्षे़त्र के समग्र विकास के लिए समान प्लान बनाया जायेगा।
उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान बनाये जाने की जरूरत पर बल दिया और कहा कि नगर में जलजमाव और जलनिकासी की बड़ी समस्या है। इसे दूर करने के लिए बड़ी नीति बनायी जायेगी। इस काम के लिए शासन स्तर से बड़े धन की जरूरत है। उसे हर हाल में लाया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगरवासियों की मदद के लिए हर क्षण उनके दरवाजे खुले रहेंगे।
मुलाकात में चेयरमैन के पति सुरेश यादव ने सभी बाजारवासियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने चुनाव प्रचार में समाजवादी पार्टी का विरोध किया, उन्हें भी चिंता करने की जरूरत नहीं। समाजवादी पूरे समाज को लेकर साथ चलते हैं। इसलिए वे लोग भी निसंकोच नगर के विकास के लिए अपनी राय से अवगत कराते रहें। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेता परशुराम यादव भी उपस्थित रहे। उन्हें बधाइयों देने वालों का भी तांता लगा रहा।





