आडियो वायरलः थानाध्यक्ष ने कहा थाने आकर लेन देन कर लो, वरना मुकदमा ठोंक दूंगा?

February 26, 2025 12:44 PM0 commentsViews: 535
Share news

नजीर मलिक


सिद्धार्थनगर। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो प्रसारित हो रहा है। जो त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष का बताया जा रहा है। ऑडियो में थानाध्यक्ष द्वारा एक व्यक्ति को फोन पर सुबह दस बजे थाने आने को कहा जा रहा है। थाने पर आकर पूर्व में तय बातों पर मामला खत्म कर लो, दूसरे फोन पर व्यक्ति के द्वारा कहा जा रहा है, गुरु देव हम गरीब आदमी हैं, हमारे पास पैसा नहीं है। इस पर थानाध्यक्ष के द्वारा केस लिखने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन को शिकायती पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, मगर थानाध्यक्ष के वर्जन से इस बात की पुष्टि जरूर होती है कि उनके और पीड़ित व्यक्ति के बीच लेन देन सम्बंधी कुछ बाते हुई जरूर है। भले ही  संदर्भ कुछ और हो।

मामला त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता ग्राम बेवां मुस्तहकम गांव निवासी प्रदीप तिवारी ने एडीजीपी गोरखपुर जोन को भेजे पत्र में बताया कि 15 फरवरी को हमारी लड़की की शादी थी। रात में बरात पहुंचने पर गांव के कुछ लोगों की ओर से बरात की गाड़ी खड़ी करने पर विवाद करते हुए उन्हें तथा उनके परिवार के कुछ अन्य लोगों को मारा पीटा। इसकी सूचना-112 पर दी, मौके पर पीआरबी टीम व थानाध्यक्ष के द्वारा भेजे गए एसआई व पुलिस मामला शांत कराकर चली गई। रात करीब तीन बजे विवाह के दौरान लड़की के घूमने की रस्म पुरी करने के लिए विपक्षी के दरवाजे से होकर जाने के दौरान छत से ईंट, पत्थर, मारने लगे, किसी तरह शादी संपन्न हुई।

अगले दिन विपक्षी के तहरीर पर हमें थाने से फोन आया कि आप थाने आइए, नहीं तो केस दर्ज कर जेल भेज दूंगा। शादी में व्यस्तता के कारण थाने जाने में लेट हुए तो थानाध्यक्ष का फोन आया कि पैसा लाकर दे दो, तो मामला रफा-दफा कर देंगे।  इसी  का कथित  ऑडियो प्रसारित हो रहा है। पीड़ित ने अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन को शिकायती पत्र भेज कर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय की गुहार लगाई है।

थानाध्यक्ष क्या बोले?

इस बारे त्रिलोकपुर के थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह में बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के विवाद में हुए नुकसान की भरपाई के लिए पैसे का बात की गई थी कि दोनों लोग लेनदेन कर समझौता कर लीजिए, नहीं तो हमें केस दर्ज करना पड़ेगा। मुझ-पर पैसा मांगने का लगाया गया आरोप निराधार है।

 

 

 

 

Leave a Reply