बीआरसी उसका में आयोजित हुआ राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम, 125 छात्रों ने लिया हिस्सा
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। बच्चों के भीतर जिज्ञासा आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने व उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को विकास खंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ब्लॉक संसाधन केंद्र में हुई इस प्रतियोगिता में विभिन्न जूनियर विद्यालयों के 125 छात्रों ने प्रतिभाग किया।
चयनित 25 विद्यार्थियों को पांच-पांच के समूह में विभाजित कर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें जूनियर स्कूल चुरिहारी की मुन्नी, कंपोजिट सुगही की सुनैना, सरौली कोठी के कृष्णा साहनी, महरिया के अनूप यादव व कंपोजिट परसा खुर्द की रिया मिश्रा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का स्थान प्राप्त किया। इस आधार पर पांच मेधावी छात्रों का चयन जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया गया।
इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र प्रसाद द्वारा बच्चों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो, स्टेशनरी सामग्री, साइंस बुक और ज्यामितीय बॉक्स प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने बच्चों को आगे भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर बीईओ ओमप्रकाश मिश्र ने सभी के प्रति आभार जताते हुए सभी छात्रों को विज्ञान की शिक्षा के लिए प्रेरित किया। एआरपी रूपेश सिंह, अमित मणि त्रिपाठी, नरेंद्र यादव, संगीता श्रीवास्तव, शिक्षक अभय श्रीवास्तव, मनोज कुमार, रमेश कसौधन, ज्योति चौरसिया, पूजा वर्मा, दिव्या मिश्रा, बालजीत कुमार, हिमांशु उपाध्याय आदि मौजूद रहे।





