आरएसएस ने मनाया भारतीय नववर्ष व डा. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती

March 22, 2026 5:33 PM0 commentsViews: 104
Share news

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। भारतीय नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर नौगढ़ नगर द्वारा रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज परिसर में वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाया गया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए आरएसएस के विभाग प्रचारक राजीव नयन ने कहा कि भारतीय नववर्ष का आरंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से होता है, इसे सृष्टि के प्रारंभ का द्योतक माना गया है। यह केवल तिथि परिवर्तन का संकेत नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति, नवसृजन का जीवंत प्रतीक है। मौके पर सांसद जगदम्बिका पाल, भजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भारतीय नववर्ष का महत्व नहीं पता है, इसलिए यह विदेशी नववर्ष को धूमधाम से मनाते हैं। हमारे व्रत-त्योहार, विवाह, गृहप्रवेश एवं अनेक शुभ कार्य हिंदू पंचांग के अनुसार ही होते हैं, इसलिए पंचांग के माह-तिथि की समझ आवश्यक है। बताया कि आरएसएस के संस्थापक डॉ. हेडगेवार का जन्म भारतीय नववर्ष के दिन हुआ था और बचपन से ही उनमें प्रखर राष्ट्रभक्ति की भावना निहित थी। अंग्रेजी शासन के अत्याचार एवं हिंदू समाज की दयनीय स्थिति को देखकर उन्होंने चिकित्सकीय शिक्षा पूर्ण करने के बाद राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया और वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। इससे पहले भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुरुआत हुआ।

नगर कार्यवाह अभय ने अतिथि परिचय कराया व सह जिला कार्यवाह मनोज ने एकल गीत गाया। इस दौरान नगर संघचालक रणजीत, जिला प्रचारक विशाल, नगर प्रचारक अरुणेश, प्रचार प्रमुख रूपेश सिंह, मुरलीधर, फतेबहादुर सिंह, सतीश रस्तोगी, नंदलाल रस्तोगी, विकास पांडेय, माहेश्वर पांडेय, सत्यव्रत, राजेश त्रिपाठी, वशिष्ठ, आर्चिष्मान, एसपी अग्रवाल, अमन, योगेश, सुरेश रैना आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply