नेपाल के जिला कपिलवस्तु में दो समुदायों में तनाव, पुलिस फायरिंग में तीन घायल, क्षेत्र में लगा कर्फ्यू
पूजा गुप्ता
कपिलवस्तु/नेपाल। पड़ोसी देश नेपाल के जिला कपिलवस्तु के महाराजगंज नगर पालिका-6 सानो बुटाहनिया चौक में शनिवार सुबह दो समुदायों के बीच तनाव के बाद स्थिति बिगड़ गई, जिसमें पुलिस की फायरिंग में तीन लोग घायल हो गये। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह एक मंदिर में भजन-कीर्तन के दौरान तोड़-फोड़ की घटना को लेकर हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के युवाओं के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे तनाव में बदल गया।
जानकारी हुई कि स्थिति को नियन्त्रित करने के लिए नेपाल की कपिलवस्तु पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसी दौरान गोली चलने से तीन लोग घायल हो गये। बढ़ते तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन कार्यालय कपिलवस्तु ने सख्त कदम उठाते हुए क्षेत्र में अग्रिम आदेश तक के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया। आदेश के मुताबिक अपराह्न 2 बजे से अगले आदेश तक किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस या भीड़ एकत्रित होने पर रोक रहेगी। प्रशासन ने लोगों से शान्ति बनाये रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





