अंतर्जनपदीय ट्रांसफर के लिए शिक्षिकाओं ने भरी हुंकार, धरना देने के बाद डीएम को सौंपा ज्ञापन
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ के सदस्यों ने सोमवार को जिलाध्यक्ष सुषमा सिंह की अगुवाई में अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग को लेकर बीएसए ग्रांउड में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम के प्रतिनिधि को सौंपा। शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए सुषमा सिंह ने कहा कि विगत 11 वर्ष से आकांक्षी सहित अन्य जनपदों से सरकार की गलत नीति के कारण शिक्षिकाओं का स्थानान्तरण इनके गृह जनपद में नहीं हो पा रहा है।
इसका सर्वाधिक दुष्प्रभाव इनके परिवार पर पड़ रहा है। शिक्षक, शिक्षिकाएं घर से दूर होने के कारण यह अपने बुजुर्ग व बीमार मां-बाप, सास-ससुर, पति व बच्चों की देख भाल नही कर पा रही हैं। नीति आयोग व राज्य सरकार चाहे तो सर्वे कराकर देख लें कि अपने घर परिवार से दूर रहकर शिक्षिकाओं ने जिले को आकांक्षी की श्रेणी से बाहर निकाल दिया है। इसलिए अब इन्हें इनके गृह जनपद में स्थानांतरित किया जाना न्यायोचित होगा। कहा कि आकांक्षी जिला होने के कारण बेसिक शिक्षा विभाग में यहां से अंतर्जनपदीय स्थानान्तरण पर प्रतिबंध है। जबकि अन्य विभागों में स्थानांतरण प्रति वर्ष हो रहे हैं।
जिला महामंत्री रश्मि जायसवाल ने कहा कि शासन की ओर से जारी ट्रांसफर नीति में कहा गया था कि दो वर्ष के भीतर विकल्प के आधार पर शिक्षकों का ट्रांसफर उनके गृह जनपद में कर दिया जाएगा। लेकिन अभी भी हम सभी ट्रांसफर से वंचित है, इससे हमारा घर परिवार बिखर रहा है। आकांक्षी जिलों में कार्यरत शिक्षकों का परिवार ट्रांसफर न होने से अत्याधिक पीड़ा से गुजर रहा है।
जिला कोषाध्यक्ष शशि वंदना दुबे ने कहा कि विगत वर्ष में भारांक सिस्टम के कारण शिक्षकों का स्थानांतरण दोषपूर्ण हुआ था। इसमें बदलाव कर शिक्षकों के वरिष्ठता आधारित नियमावली बनाते हुए अंतर्जनपदीय स्थानांतरण उसी क्रम में प्रति वर्ष किया जाए। धरने को रिचा अग्रवाल, निधि त्रिपाठी, रंजना निरंजन, अनिता आर्या, सुषमा मौर्या ने भी संबोधित किया।
धरना में मधुरानी, आरती शुक्ला, बीनू शर्मा, श्रेया तिवारी, शिखा गुप्ता, कविता शर्मा, श्रुति शुक्ला, मंजुला पांडेय, शशिकला सिंह, अंकिता सिंह, शालिनी कुमारी, रेनू सिंह, प्रतिभा सिंह, साधना गुप्ता, प्रियंका, शिल्पा, पुष्प लता, पूजा त्रिपाठी, सरिता गौतम, उमा, स्नेहलता, अनीता सैनी, अंजना तिवारी, दीपशिखा, प्रिया सिंह आदि मौजूद रहे।





