प्रशासन की चेतावनी बेअसर! पलटादेवी-बजहां क्षेत्र में मिट्टी खुदाई का सिलसिला जारी
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर कुछ समय पूर्व शोहरतगढ़ तहसील प्रशासन ने मिट्टी खुदाई और ढुलाई से जुड़े लोगों को पकड़ कर सख्त चेतावनी देते हुए छोड़ दिया था। प्रशासन की ओर से हिदायत दी गई थी कि अवैध मिट्टी खनन एवं ढुलाई पर रोक लगाई जाए और कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन न करे। साथ ही अवैध खनन से जुड़े मामलों में कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई थी।
इसके बावजूद क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की चेतावनी का अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार पलटादेवी और बजहां के आसपास दिन-रात विभिन्न स्थानों से मिट्टी निकाली जा रही है तथा ट्रैक्टर-ट्रालियां बेतरतीब ढंग से सड़कों पर चल रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अनियंत्रित मिट्टी खुदाई से कृषि योग्य भूमि को नुकसान पहुंच रहा है और कई स्थानों पर खेतों की उपजाऊ परत हटने से भूमि के बंजर होने का खतरा बढ़ गया है। लोगों का यह भी कहना है कि मिट्टी ढुलाई में लगे वाहनों के कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद नियमों का पालन होता नहीं दिख रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बिना निर्धारित मानकों के हो रही खुदाई और अनियमित ढुलाई से भविष्य में भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मामले की पुनः जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने तथा अवैध मिट्टी खनन और ढुलाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।





