मुकेश गुप्ता की संदिग्ध मौत पर पहुंचे विधायक श्यामधनी राही, बोले- दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
आजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा दुल्हा शुमाली में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब ग्रामीणों को मुकेश गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना मिली। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय विधायक श्यामधनी राही तुरंत मृतक के निवास स्थान पर पहुंचे। वहां उन्होंने रोते-बिलखते परिजनों को सांत्वना दी और हर कदम पर उनके साथ खड़े रहने का वादा किया।
बताया जाता है कि नौजवान मुकेश गुप्ता रोज की तरह घर के छत पर सोया था रात में किसी ने गला रेतकर हत्या कर दी थी जिसकी जानकारी सुबह हुई और पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तत्काल प्रशासनिक व पुलिस अमले से बात की। उन्होंने निर्देश दिया कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाए ताकि सच सामने आ सके।
विधायक राही ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी जो नजीर बनेगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिरशांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की शक्ति देने की कामना की।





