जनाजे में शामिल होने जा रहे युवकों की बाइक टक्कर में दर्दनाक मौत

July 7, 2026 8:20 AM2 commentsViews: 193
Share news

 

मृतक आरिफ और जीशान थे आपस में चचेरे भाई

जिगिना गांव में मचा कोहराम, चारो तरफ मातमी माहौल

 

अजीत सिंह

दुर्घटनाग्रस्त बाइक

सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिडई थाना के ठीक सामने दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक आपस में रिश्तेदार और मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिना के निवासी थे। उनकी मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है। घटना सोमवार दोपहर की है।

जानकारी के अनुसार मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के जिगिना गांव निवासी मोहम्मद आरिफ (30) पुत्र अतिकुर रहमान और मोहम्मद जीशान (16) पुत्र अब्दुल करीम, बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के धोबहा गांव में एक जनाजे में मिट्टी देने जा रहे थे। इसी दौरान शिवनगर डिडई थाने के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार अनुराग (27) पुत्र रामविलास, बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव से शिवनगर थाना क्षेत्र के तुरकौलिया गांव जा रहा था।

मौके पर बिलखते परिजन और रोती हुई महिलाएं

टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद जीशान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनुराग का उपचार चल रहा है। 30 वर्षीय आरिफ के पिता ने बताया कि मृतक के दो बच्चे भी है तथा जीशान की शादी नहीं हुई थी। इस घटना से गांव में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply