डीएम ने नौगढ़-सोहांस मार्ग पर बन रहे पुल का लिया जायजा, जल्द होगा चालू 

August 4, 2026 5:03 PM0 commentsViews: 212
Share news
  • आज पूरी हुई छत की ढलाई, एप्रोच मार्ग बनाकर जल्द आवागमन शुरू करने की हिदायत
  • बाढ़ से पहले पुल निर्माण का लक्ष्य हुआ पूरा, सदर विधायक श्यामधनी राही ने जताया संतोष

अजीत सिंह 

​सिद्धार्थनगर। नौगढ़-सोहांस मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया का कार्य अब अंतिम चरण में पहुँच गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मौके पर पहुँचकर चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ढलाई का काम जारी था, जिस पर डीएम ने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और तय सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

​जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खण्ड) के अधिशासी अभियन्ता को निर्देशित किया कि पुलिया के साथ-साथ एप्रोच मार्ग का निर्माण भी शीघ्रता से पूरा कराया जाए, ताकि इस मार्ग पर आम जनता के लिए आवागमन जल्द से जल्द बहाल हो सके। इसके अलावा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डीएम ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर पूरे मार्ग पर चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।

बाढ़ से पहले पुल बनाने की राह हुई आसान

​बता दें कि सदर विधायक श्यामधनी राही ने बाढ़ के मौसम से पहले इस पुल को पूर्ण कराने का लक्ष्य विभाग को दिया था। इसके लिए वे लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क में थे और समय-समय पर खुद भी निरीक्षण कर रहे थे। आज ढलाई का काम पूरा होने पर सदर विधायक ने क्षेत्र की जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग के प्रयासों की सराहना की है।

​निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खण्ड) के अधिशासी अभियन्ता कमल किशोर, जेई लालचन्द पटेल, सोहन कुमार गुप्ता सहित विभाग के अन्य संबंधित कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply