सिद्धार्थनगर में 19 नवंबर को होगा ‘शोहरतगढ़ रोजगार महोत्सव’ का आयोजन
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 19 नवंबर दिन बृहस्पतिवार को ‘शोहरतगढ़ रोजगार महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। मिशन रोजगार अभियान के तहत यह कैम्पस इवेंट शोहरतगढ़ स्थित शिवपति इण्टर कॉलेज परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस रोजगार मेले का आयोजन सेवायोजन विभाग उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें कक्षा 10, 12 व ग्रेजुएट अब्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
इस महोत्सव के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के अधिक से अधिक इच्छुक और योग्य युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर अपने आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ शिवपति इण्टर कॉलेज पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।





