अमृतमयी श्रीराम कथा 20 मार्च से, भव्य बनाने के लिए बांटी गई जिम्मेदारियां

March 16, 2026 9:50 AM0 commentsViews: 151
Share news

 

डोर-टू-डोर सघन जनसंपर्क अभियान तेज करने का लिया सामूहिक निर्णय

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के महंत आवेद्यनाथ सभागार में 20 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित होने वाले अमृतमयी श्रीराम कथा महोत्सव को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए रविवार को एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

महोत्सव के महामंत्री नीरज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अयोध्या धाम के संत गौरव कृष्ण शास्त्री के कथा श्रवण में अधिकाधिक स्रोताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सघन जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा। आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं को मोहल्ला-वार जिम्मेदारी सौंपने और प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर, बैनर एवं आमंत्रण पत्र वितरण करने की रणनीति बनाई गई।

कार्यक्रम के मार्गदर्शक मनीष शुक्ला, रजनीश उपाध्याय, अजय कसौंधन, पप्पू चौबे, विनोद बजाज, महेश्वर अग्रहरी ने बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए श्रीराम कथा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक बिंदुओं पर ध्यान आकृष्ट किया। एक मत से मंच व्यवस्था, समयबद्ध कार्यक्रम संचालन, श्रद्धालुओं के बैठने की सुव्यवस्था, ध्वनि प्रणाली की गुणवत्ता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। संयोजक व सभासद संजीव जायसवाल ने आयोजन को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था नगर पालिका द्वारा सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयोजक शुभम श्रीवास्तव ने कहा कि कथा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों के प्रसार का भी माध्यम है। बैठक के अंत में सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि अमृतमयी श्रीराम कथा महोत्सव को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाया जाएगा। इस मौके पर स्वागत संयोजक राघवेंद्र यादव समेत प्रदीप वर्मा, श्रीश श्रीवास्तव, पंकज पासवान, रमेश चंद्र गुप्ता, राजू मौर्या आदि आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply