विनीता हत्याकांडः प्यार के खेल में, प्रेमिका कत्ल, क्या प्रेमी जाऐगा जेल?

July 15, 2024 1:22 PM0 commentsViews: 316
Share news

नजीर मलिक

सिद्धार्थनगर। लोटन कोतवाली का भुसौला अदाई गांव, बिलकुल नेपाल बार्डर से सटा हुआ है। यहां रविवार अपरान्ह जय प्रकाश चौरसिया के घर बंद कमरे में एक बीस साल की युवती की लाश मिली। बगल में एक 22 साल का एक युवक अचेतावस्था में पड़ा था। लड़के का नाम उमेश चौरसिया था, वह जयप्रकाश का पुत्र था। चलिए, लड़की का नाम बदल कर उससे मिलता जुलता नाम विनीता रख देते हैं। एक प्रभावशाली जाति की लड़की और पिछड़ी जाति के लड़के का प्रेम सम्बंध और रविवार को विनीता की लाश मिलने और लड़के के बेहोश होने की खबर से गांव में तहलका मचा दिया। मौके पर पुलिस पहुंची उसने बेहोश उमेश को अस्पताल पहुंचाया तथा विनीता का शव पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।

विनीता की मां बोली, कातिल है उमेश

इस घटना में मोड़ तब आया जब विनीता की मां ने लोटन पुलिस को तहरीर देकर उमेश पर अपनी बेटी विनीता के कत्ल का इल्जाम लगाया। पुलिस ने उमेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर लिया। उमेश और विनीता के प्रेम संबंध से तमाम लोग परिचित थे। दबे छुपे स्वर में दोनों के संबंधों पर गांव में चर्चा भी होती थी।लेकिन रविवार को विनीता की रहस्यमय  मौत के बाद यह बात चर्चा का विषय बन गई कि दोनों ने आत्महत्या किया अथवा उमेश ने किसी वजह से उसकी हत्या कर दी। हालात तो यह बताते हैं कि दोनों के मिलन में आये दिन पारिवारिक बाधा के कारण एक साथ जीने मरने की कसम खाने वाले प्रेमी युगल ने जमाने से तंग आकर आत्महत्या कर ली, मगर विनीता के परिजन कुछ और ही कहानी बताते हैं। उनके अनुसार रविवार को विनीता कुछ सामान खरीदने जा रही थी, मगर उसे रास्ते से घसीट कर उमेश अपने घर में ले गया और गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। उसे ले जाते कुछ लोगों ने देखा। उनकी सूचना पर जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो सारी बात सामने आई।

उमेश पर आरोप अस्वाभाविक?

सवाल है कि उमेंश ने ऐसा क्यों किया। वह भी प्रभावशाली वर्ग की युवती को दिनदहाड़े खींच कर अपने घर ले जाने की उमेश की हिम्मत क्यों कर हुई। यदि उसने विनीता को मार डालने की नीयत से ऐसा किया भी तो तो उसने खुद जहर क्यों खाया? पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के अनुसार विनीता के गले पर काले निशान पाये गये हैं। अब सच क्या है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मालूम हो सकेगा।  उमेश अभी अस्पताल में ही बेहोश है।ऐसे में कुछ और जानकारी संभव नहीं है। संभव है होश में आने के बाद वह कुछ नई बात बताये।

वैसे उमेश द्धारा विनीता की हत्या का कोई ठोस कारण सामने नहीं है और मामला प्रेम प्रकरण में दोनों के जहर खा कर जान देने का स्वाभाविक लगता है। मगर  कभी कभी ऐसे मामलों की तह में घोखा फरेब, आनर किलिंग जैसा या और भी कोई भयानक षडयंत्र भी छुपा देखा गया है। इसलिए मामले की तफ्तीश गहराई से किये जाने की जरूरत है।

Leave a Reply