शिक्षक संघ की समीक्षा बैठक संपन्न, आंदोलन को लेकर बनी रणनीति
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में टीईटी से मुक्ति हेतु 4 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन की तैयारियों के क्रम में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में संपन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से पदाधिकारी एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने हेतु विस्तृत रणनीति तैयार की गई तथा अधिकाधिक संख्या में शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। पर्यवेक्षक आनंद कुमार त्रिपाठी मंडलीय मंत्री, देवी पाटन मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुटता और सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से 4 अप्रैल को दिल्ली में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
टीएफआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने टीईटी से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। कहा कि समस्त शिक्षक अपने समय निर्धारित योग्यता को पूर्ण करने के बाद ही नियुक्ति पाई थी तो अब नई योग्यता निर्धारित करना गलत है। केंद्र सरकार को शिक्षकों के हित में आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
जिला मंत्री योगेंद्र पांडेय ने कहा कि शिक्षकों को एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने में जुटना होगा और अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचना होगा। जूनियर शिक्षक संघ के ज़िलाध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र व महामंत्री कलीमुल्लाह ने आंदोलन की सफलता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राघवेंद्र तिवारी को उस्का बाजार इकाई का संगठन मंत्री व दुर्गेश पांडेय को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।





