तहसील स्तर पर ब्लड बैंक खोलने की मांग, प्रणेश शुक्ला ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। पंडित रमापति शुक्ला हरित क्रांति एवं शिक्षण सेवा संस्थान के अध्यक्ष इंजिनियर प्रणेश शुक्ला ने प्रदेश के प्रत्येक जनपद एवं तहसील स्तर पर सरकारी ब्लड बैंक स्थापित करने की मांग उठाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि वर्तमान समय में ब्लड बैंकों की व्यवस्था असंगठित और सीमित है, जिसके कारण जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त नहीं मिल पाता। कई मामलों में देखा गया है कि किसी व्यक्ति ने एक ब्लड बैंक में रक्तदान किया, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर दूसरे अस्पताल में उसे रक्त उपलब्ध नहीं कराया गया।
प्रणेश शुक्ला ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि कई ब्लड बैंक यह कहकर मना कर देते हैं कि आपने हमारे यहां रक्तदान नहीं किया है जिससे मरीजों और उनके परिजनों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आपातकालीन परिस्थितियों में यह समस्या और भी भयावह हो जाती है, जहां कुछ मिनटों की देरी भी जीवन के लिए खतरा बन सकती है।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वहां ब्लड बैंक की कमी के कारण मरीजों को बड़े शहरों की ओर भागना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है।





