भाजपा पिछड़े लोगों के उत्थान व सामाजिक परिवर्तन के लिए- गोविंद माधव

January 5, 2023 6:56 PM0 commentsViews: 383
Share news

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गोविंद माधव ने कहा कि भाजपा राजनीतिक सत्ता को व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन और विकास की दौड़ में पिछड़ गए लोगों के उत्थान और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने हेतु साधन के रूप में देखती है। उन्होंने माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में किये गए निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि न्यायालय के आदेश से समाजवादी पार्टी का षड़यंत्र विफल हो गया है। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी भाजपा आशीष शुक्ल ने दी।

जिलाध्यक्ष गोविंद माधव ने कहा भाजपा सरकार पिछडे़ वर्ग के साथ ही समाज के सभी वर्गो के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अपने शासनकाल में सपा-बसपा कांग्रेस ने पिछडे़ दलितों शोषित पीड़ित, वंचितों का वोट तो लिया लेकिन इनके लिए कुछ नहीं किया। सपा-बसपा कांग्रेस ने भ्रम फैलाकर इनको छलने का काम किया है।

गोविंद माधव ने निकाय चुनावों को लेकर सपा की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अखिलेश यादव के बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार और तेजस्वी यादव से रिश्ते किसी से छुपे नहीं है। बिहार सरकार ने पिछडे़ वर्ग के हितो की अनदेखी करते हुए निकाय चुनाव बिना आरक्षण के करा दिये तब खुद को राष्ट्रीय पार्टी का मुखिया कहने वाले सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुप क्यों थे।

जिला अध्यक्ष गोविंद माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों के हितों की रक्षा के संकल्प को पूरा किया है। मोदी सरकार ने आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए भी आरक्षण को सुनिश्चित किया इसका ही परिणाम है कि समाज में यह भाव जागृत हुआ है कि अत्यंत गरीब पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति भी सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों से उत्पन्न चुनौतियों से पार पाकर भारत का प्रधानमंत्री बन सकता है और देश को एक नई ऊंचाई तक ले जा सकता है।

Leave a Reply