कृषि विभाग के बेइमान कर्मियों ने बनाया किसानों को कंगाल
धान के नकली बीज बेच कर कृषि विभाग के कर्मी बने
करोड़पति, किसानों को बना दिया दाने दाने का मोहताज
नजीर मलिक
सिद्धार्थनगर। जिले में न बाढ़ आयी है न ही कहीं सूखे की अशंका है। फिर भी किसान अपनी फसलों की बरबादी देख कर परेशान है। इसके लिए वे निरंतर प्रशासन को ज्ञापन देकर फरियाद कर रहे हैं। मगर प्रशासन इसके लिए जिम्मेदार बीज भंडारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
पता चला है कि वर्तमान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों ने कृषि बीज भंडारों से खरीद कर धान का जो बीज बोया है वह पूरी तौर पर नकली है। किसानों का कहना है कि उन्होंने साभा धान का बीज लिया था,जो उगने पर नकली धान लग रहा है। बात यहीं तक होती तो गनीमत थी, लेकिन दिक्कत यह है कि यह धान की न जाने कौन सी प्रजाति है, जिसमे समय से पूर्व ही धान की बालियां निकल रही है। उसमें चावल के दाने आपेक्षाकृत कम बन रहे है और उसमें दाने पड़ते ही उसे पक्षी खा जा रहे हैं।
उसका क्षेत्र के किसान मुक्तिनाथ बताते हैं कि उन्होंने धान का बीज कृषि बीज भंडार रानीगंज से खरीदा था। इस बार उनके क्षेत्र में सैलाब नहीं आया, लेकिन धान की उपज तो सैलाब से होनी वाली क्षति से भी अधिक है। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिल कर कृषि विभाग को ज्ञापन देकर मामले की जांच की मांग भी की है। यही बात खुनियाव, इटवा आदि क्षेत्र के किसान भी कहते हैं। ग्राम मझाौवा के किसानों का कहना है न सूखा पड़ा और न ही बाढ़ आई, लेकिन किसान इस नकली बीज से पूरी तरह बर्बादी के कगार पर पर पहुंच गया है।
सबसे बड़ा सवाल—
इस संदर्भ में सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस प्रकार के नकली धान के सारे बीज किसानों ने सरकारी बीज भंडारों से ही खरीदे हैं। इस फ्राड की जानकारी किसानों ने जिला कृषि विभाग और डीएम तक भी पहुंचाई है। मगर विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को इस पर ध्यान जरूर देना चाहिए और कृषि बिभाग के उन् जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, जिन्होंने किसानों को कंगाली के कगार पर खड़ा कर दिया है।





