प्रत्याशियों में पोस्टरवार शुरु, सजने लगी गंवई सियासत

September 20, 2015 12:42 PM0 commentsViews: 214
Share news

संजीव श्रीवास्तव

IMG-20150908-WA0001(1)सिद्धार्थनगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए आरक्षण सूची जारी होने के साथ गंवई सियासत का पारा चढ़ने लगा है। चायपान की दुकानों पर पंचायत चुनाव की चर्चा जोर-शोर से होने लगी है। प्रत्याशियों के बीच पोस्टरवार भी शुरु हो गया है।
सिद्धार्थनगर में जिला पंचायत सदस्य के 48 वार्ड हैं। इसमें 19 सीटें अनारक्षित हैं, जबकि 16 सीटों को महिलाओं के लिए रिजर्व किया गया है। आरक्षण सूची ने कई दावेदारों की गणित को उलट दिया, मगर ऐसे सियासतबाज अब बदले हालात को लेकर नए सिरे से ताना-बाना तैयार करने में जुट गये हैं।
सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय से सटे वार्ड संख्या-43 के अनारक्षित होने की घोषणा के बाद वहां उम्मीदवारों ने पोस्टरवार शुरु कर दिया है। सूची जारी होने के चंद घंटे बाद ही क्षेत्र के बिजली के पोलों, घरों की छतों पर विभिन्न प्रत्याशियों के पोस्टर दिखायी देने लगे हैं। यह क्षेत्र डीएन मणि त्रिपाठी, रिंकू पाल, मनोज सिंह, अरविंद सिंह, के एम लाल श्रीवास्तव, सनी उपाध्याय आदि के पोस्टरों से पट गया है।
वार्ड संख्या 41 अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित है। यहां पर सदर विधायक विजय पासवान अपने परिवार की किसी महिला को चुनाव मैदान में उतारने का मन बना चुके हैं। इसके अलावा भाजपा नेता कन्हैया पासवान, सपा नेत्री पासी शांति देवी, छितरापार के पूर्व प्रधान बेकारु की पत्नी एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती राधिका देवी भी चुनावी दंगल में किस्मत आजमाने की तैयारी में हैं।
आरक्षण की तस्वीर साफ होते ही गांव व कस्बों में गंवई सियासत का पारा चढ़ने लगा है। चायपान की दुकानों पर प्रत्याशियों को नामों को लेकर ग्रामीणों में बहस का दौर शुरु हो गया है। कमोवेश यही स्थिति 48 वार्डो में है। दावेदार वोटरों के बीच पहंुचकर उन्हें किसी प्रकार अपनी ओर मोड़ने के प्रयास में भिड़ गये है। जगह-जगह लगे पोस्टरों के माध्यम से प्रत्याशी बकरीद, दशहरा व दीपावली की शुभकामना देते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply