मलेशिया में धमाल के बाद 16 साल वर्षीय क्रिकेटर रौनक बने सरहदी युवाओं के आईकान
विदेशी धरती पर खेलते हुए रौनक ने भूटान के खिलाफ 132 बाल पर बनाया 168 रन, पारी में लगाये पांच छक्के और सोलह चौके
सगीर खाकसार
सिद्धार्थनगर। स्थानीय सीमा से सटे नेपाल के नगर पालिका कृष्णा नगर में जन्मे रौनक़ श्रीवास्तव हज़ारो युवाओं के रोल मॉडल बन गये हैँ। उनकी संघर्षपूर्ण कहानी सरहदी इलाके के युवाओं के लिए प्रेरणा श्रोत बन गई है। गरीबी के कारण आठवीं क्लास के बाद स्कूल छूटने के बावजूद अनेक चुनौतियों से जुझते हुए रौनक़ ने जिस प्रकार अपना हौसला बनाये रखा और नेपाल के एसीसी अंडर 16 ईस्ट जोन क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनायीं, वह अपने आप में मिसाल है।
रौनक ने अपनी रफ़्तार से सबको चौका दिया है मलेशिया में अंडर 16 टीम से खेलते हुए अपने विस्फोटक बल्लेबाजी से भूटान के खिलाफ 5 छक्कों और 16 चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 132 बाल पर 168 रन बना कर वह रातों रात देश विदेश के अख़बारों में छा गये। रौनक़ ने अपनी प्रतिभा का परिचय सबसे पहले कपिलवस्तु क्रिकेट क्लब की टीम से खेलते हुए पालपा के विरुद्ध शतक जड़कर दिया। इस तूफानी बल्लेबाजी की वजह से इनका चयन लुम्बिनी प्रदेश की टीम में हुआ।
प्रदेश की टीम में शामिल होने के बाद रौनक़ ने फिर मुड़कर नहीं देखा। सुर्खेत में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम से खेलते हुए गत वर्ष 117 बाल पर 217 रन बनाकर राष्ट्रीय क्षितिज पर छा गये। जिसमें 16 चौके और 16 छक्के शामिल थे। इस प्रतियोगिता में इनके शानदार प्रदर्शन के कारण मैन ऑफ द सीरीज़ और बेस्ट बैट्स मैन के ख़िताब से नवाज़ा गया। हाल में राष्ट्रीय टीम में जगह बना कर वे मलेशिया खेलने गये जहां रौनक ने इंडोनेशिया के विरुद्ध 71 बाल 88 रन और सिंगापुर के विरुद्ध 44 बाल 40 रन बना कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मलेशिया से लौटने के बाद रौनक श्रीवास्तव का बुधवार को गृहनगर आगमन पर ज़ोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिसमें नेपाल सहित सिद्धार्थनगर जिले के खेल प्रेमियों ने उनके सम्मान समारोह में उन्हे पलकों पर बिठा लिया। रौनक़ श्रीवास्तव अब एक युथ आइकॉन बन गये हैँ।
पूर्व क्रिकेटर मिर्ज़ा राशिद बेग कहते है रौनक श्रीवास्तव जिले के ही नहीं देश के गौरव हैँ। उद्योग वाणिज्य संघ कृष्णा नगर नेपाल के अध्यक्ष रीतेश शर्मा जो कि अपने वक़्त के अच्छे क्रिकेटर रहें हैं, कहते हैं कि रौनक की बल्लेबाज़ी तूफानी है और वो अंतरारष्ट्रीय मैचों में अंडर 16 की टीम से सर्वाधिक रन बनाने वाले वो नेपाल के पहले युवा खिलाडी हैँ।
मेयर पद के युवा पूर्व प्रत्याशी रह कुणाल प्रताप शाह कहते हैँ नेपाल क्रिकेट टीम को अडर-16 लेवल पर ही एक ऐसा तेज बल्लेबाज़ मिला है, जो अपने बिग शाट के जरिये बड़े से बड़े गेंदबाज़ को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर सकता है।






