सिद्धार्थनगर दबिश मामला: अखिलेश यादव बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात करने आएंगे

May 17, 2022 12:35 AM0 commentsViews: 1299
Share news

आरिफ मकसूद


सिद्धार्थनगर के सदर थाना के अंतर्गत कोड़रा ग्रांट टोला इस्लामनगर में दबिश के दौरान रोशनी खातून पत्नी अकबर  (60) की मौत का आरोप पुलिस पर है। बुधवार सपा प्रमुख अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने आएंगे।


कोड़रा ग्रांट गांव में भारी पुलिस बल तैनात

कोड़रा ग्रांट की घटना को लेकर पीड़ित परिजनों में पुलिस की जांच व्यवस्था को लेकर काफी असंतोष है। गावँ के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी संख्या मे पुलिस फोर्स जमी हुई है।

दावा :  जितेंद्र यादव ने चलाई थी रोशनी पर गोली 

पुलिस का दावा है कि पशु तस्करों से मिले हुए एक युवक ने पुलिस की दबिश के दौरान धक्का-मुक्की के बीच फायरिंग कर दी, जिससे महिला की मौत हो गई। आरोपित के पास से तमंचा बरामद किया गया है। घटना स्थल पर परिवार को मिली गोली से मिलान करने पर सही पाया गया। पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस लाइंस सभागार में सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आईजी बस्ती राजेश मोदक ने ये जानकारी दी।

आईजी राजेश मोदक ने बताया कि नौ मई की रात पुलिस ने पशु के प्रतिबंधित मांस के साथ चार लोगों को पकड़ा था। इसमें दो आरोपित कोड़रा ग्रांट गांव के टोला इस्लामनगर नगर के रहने वाले थे। 14 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली की इस्लामनगर में गोहत्या की गई है। सदर कोतवाल तहसीलदार सिंह पुलिस टीम के साथ गांव में पहुंच गए। यहां पर वह संदिग्धों की चेंकिंग कर रहे थे। पूछताछ करते ही लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान अब्दुल रहमान से पूछताछ की कोशिश की गई तो लोग विरोध करने लगे और धक्का-मुक्की पर उतर आए। पुलिस के काम में दखल देते हुए विवाद करने लगे। इस बीच अफरातफरी मच गई। विरोध के चलते पुलिस वहां से लौट गई। इसी बीच जितेंद्र यादव निवासी भीमापार ने तमंचे से गोली चला दी। उससे रोशनी पत्नी अकबर अली की जान चली गई थी। इस मामले में मृतका के पुत्र अब्दुल रहमान की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच की जा रही थी। जितेंद्र यादव के वारदात करने के पुख्ता सुबूत मिले और उसके पास से तमंचा भी मिल गया, जिससे उसने फायरिंग की थी। उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष नादिर सलाम

पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए सोमवार दोपहर को कांग्रेस नेता डॉक्टर नादिर सलाम कोड़रा ग्रान गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। नादिर सलाम ने दोषी पुलिस कर्मियों  के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कराकर सजा दिलाने की बात कही।

डॉक्टर नादिर सलाम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मृतका के हत्यारो को सजा मिलनी चाहिए। इसके लिए कांग्रेस पार्टी आरोपियों को सजा मिलने तक पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी। कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री महिलाओं को सुरक्षा देने का दावा करते हैं वहीं उनकी पुलिस महिलाओं को गोली मारकर मौत के घाट उतार रही है।

Leave a Reply