एआरपी एसोसिएशन की टीम ने पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी से की मुलाकात
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। एआरपी एसोसिएशन, सिद्धार्थनगर की टीम ने बृहस्पतिवार को पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी के आवास पर मुलाकात की। इस दौरान एआरपी साथियों के समक्ष वर्तमान में उत्पन्न हो रही प्रमुख समस्याओं, विशेष रूप से जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के संबंध में जानकारी दी गई। डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने संज्ञान में लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीएसए शैलेश कुमार से दूरभाष पर वार्ता कर जारी आदेश के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि एआरपी से उनके निर्धारित कार्य एवं दायित्व के अनुरूप ही कार्य लिया जाए। उनके मूल शैक्षिक एवं अकादमिक दायित्वों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार का निरीक्षण संबंधी कार्य न लिया जाए। साथ ही संबंधित आदेश में आवश्यक संशोधन किए जाने के लिए कहा। सेवा शर्तों के विपरीत किसी कार्य के लिए एआरपी को बाध्य नहीं किया जाना चाहिए। एआरपी संगठन को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे सदैव एआरपी साथियों के हितों की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं।
इस दौरान एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र बहादुर सिंह, मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन श्रीवास्तव, महामंत्री अनन्तदीप यादव, कोषाध्यक्ष उत्कर्ष श्रीवास्तव, रितेश बहादुर सिंह, प्रशांत सिंह, जेपी गुप्ता, संगीत शुक्ला, विनीत भास्कर, रमेश प्रजापति, गिरीश चंद्र राय, सौरव कुमार पाण्डेय, शिव शंकर मिश्रा आदि उपस्थित रहे।





