भाजपा विधायक बोले- बाबा साहब की मूर्ति तोड़ने में सपा-बसपा की साजिश, विपक्ष ने कहा विधायक झूठ बोलने में माहिर

March 31, 2018 4:55 PM0 commentsViews: 1344
Share news

 

— डुमरियागंज के गौहनिया राज  प्रकरण

— मूर्ति बदलने के आदेश, दोषियों की गिरफ्तारी जल्द होगी- पुलिस कप्तान

नजीर मलिक

सिद्धार्थनगर। सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे का ध्यान में रख कर डुमरियागंज में बाबा साहब की मूर्ति तोड़ने के मामले में प्रशासन ने तेजी से निर्णय लेते हुए मूर्ति बदले जाने का फैसला लिया है। दूसरी तरफ इस प्रकरण को लेकर भाजपा नेता और विपक्ष में आरोप प्रत्यारोप शुरू हो गया है। डुमरियागंज के भाजपा विधायक ने जहां इस कांड को सपा बसपा की साजिश करार दिया है, वहीं सपा और बसपा नेताओं ने यह कह  कर विधायक की खिल्ली उड़ाई है कि वह झूठ बोलने में माहिर हो चुके हैं।

गौहनियां में हालात की जानकारी लेते हुए सैयदा खातून

डुमरियागंज थाने के गौहनियां गांव में शनिवार को बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर की मूर्ति तोड़ने की खबर मिलते ही प्रशासन ने तेजी से कदम उठाया और वहां नई मूर्ति स्थापित करने की प्रकिया शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने बताया की वहां मूर्ति बदली जा रही है। दरअसल 2 अप्रैल को सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री का आगमन है। समझा जाता है कि प्रशासन इस अवसर पर किसी प्रकार का रिस्क नहीं लेना चाहता था। इसीलिए आनन फानन में यह फसला लिया गया।

घटना स्थल पर हालात का जायजा लेते पूर्व मंत्रीिल यूसुफ

दूसरी तरफ गांव में अभी भी भयजनित सन्नाटा है। गौहनियां  में भारी पुलिस बल तैनात है। मगर अपराधियों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस को मूर्ति तोड़ने वालों का अभीतक कोई सुराग नहीं मिल सका है। अधीक्षक डा..धर्मवीर सिंह का कहना है कि मूर्ति बदली जा रही है। अपराधी भी जल्द ही पुलिस के चंगुल में होंगे।

घटना की जानकारी लेते विधायक राघवेन्द्र सिंह

मूर्ति तोड़ने के पीछे सपा बसपा की साजिश- विधायक राघवेन्द्र सिंह

गौहनियां गांव में मूर्ति तोड़ने वाले कौन हैं, इसका पता तो नहीं चल सका है। मगर डुमरियागंज के विधायक और हिंदू युवा वाहिनी के वरिष्ठ पदाधिकारी राधवेन्द्र का कहना है कि घटना के पीछे सपा बसपा की साजिश है। उन्होंने कहा कि सुबह मूर्ति टूटने की जानकारी होते ही लोग हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन करने लगते हैं।  यह सब बिना प्लानिंग के इतनी जल्दी में संभव नहीं। यह सरकार की छवि खराब करने के लिए की गई एक साजिश है। उनकी साजिश सफल नहीं होने दी जायेगी। उन्होंने मूर्ति स्थल की बाउंड्री बनवाने की बात भी कही।

झूठ बोलने में माहिर हैं विधायक डुमरियागंज- चिनकू यादव

दूसरी तरफ विधायक के इस आराप के जवाब में सपा नेता राम कुमार चिनकू यादव का कहना है कि यह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा की प्लानिंग है, जो पूरे देश में चल रही है। सपा नेता चिनकू यादव ने कहा कि विधायक जी हर सच को झूठ में बदलने में माहिर हैं। पिछले दिनों उन्हीं का नाम लेकर धमकी देने वाले एक सजातीय के खिलाफ उन्होंने मुकदमा लिखाया और उसे खुद ही समाप्त भी करा दिया। इससे उनके झूठ बोलने की कला का अंदाजा लगया जा सकता है।

घटना स्थल का जायजा लेते सपा नेता राम कुमार चिनकू यादव

विधायक गलत बयानी कर रहे हैं- दिनेश चन्द्र गौतम

इस प्रकरण में बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश चन्द्र गौतम ने कहा कि विधायक जैसे पद पर रह कर राघवेन्द्र जी झूठा और अनैतिक बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब हमारे ईष्ट हैं। हमारे देव हैं। हम यह नीच हरकत कैसे कर सकते हैं। राघवेन्द्र जी विधायक के पद पर हैं। उनका गैरजिम्मेदारी भरा बयान बहुत अफसोसनाक है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का राजनीतिक लाभ के लिए किया जाने वाला षडयंत्र है।

बता दें कि गौहनियां गांव में रात में अराजक तत्वों ने बाबा साहब की मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी। सुबह पता चलने पर वहां तनाव व्याप्त हो गया। मौके पर भारी फोर्स लगा दी गई। मौके पर बसपा नेता व पूर्व मंत्री कमाल यूसुफ मलिक, डुमरियागंज की विधानसभा सीट की बसपा प्रत्याशी रही सैयदा खातून  मनोज सिद्धार्थ आदि ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन से मूति भंजको को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी की।

नई प्रतिमा स्थापित

समाचार लिखे जाने तक ज्ञात हुआ है गौहनियां में प्रशासन द्धारा बाबा साहब की नई प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। भंते अभयानंद जी के बुद्ध वंदना त्रिशरण पंचशील के बाद प्रतिमा का लोकार्पण पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने किया। लेकिन अपराधियों के विषय में पूलिस अभी कोई जानकारी प्राप्त करने में नाकामयाब है।

 

 

 

Leave a Reply