सेवा संकल्प अभियान के तहत जोगिया ब्लॉक में बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की अनवरत सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज विधानसभा क्षेत्र कपिलवस्तु के विकासखंड जोगिया में बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने बतौर मुख्य अतिथि फीता काटकर किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस दौरान विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की प्राथमिकता है। ऐसे सेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, प्रमुख प्रतिनिधि श्रीश चौधरी, मंडल अध्यक्ष राजेश दुबे, योजना निदेशक अनिल कुमार एवं खंड विकास अधिकारी रामानंद वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





