सरकार व भाजपा फैला रही आंदोलन में हिंसा, न्यायिक जांच की मांग- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

December 25, 2019 12:54 PM0 commentsViews: 207
Share news

जीएनएल

गोरखपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में आंदोलन में प्रदेश सरकार और भाजपा द्वारा हिंसा किए जाने का आरोप लगाया और कहा कि इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन का दमन करने के लिए पूरे प्रदेश में अघोषित इमरर्जेंसी जैसे हालात बना दिए गए हैं। निर्दोष लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं की गिरफतारी हो रही है। कांग्रेस सरकार के दमनकारी रवैये के खिलाफ डटकर खड़ी है।

श्री लल्लू आज गोरखपुर में 20 दिसम्बर को हुए आंदोलन के बाद पुलिस द्वारा गिरफतार किए गए लोगों के परिजनों से मिलने के बाद कांग्रेस की वरिष्ठ नेता तलत अजीज के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने शहर के कई मुहल्लों में जाकर लोगों से मुलाकात की और पुलिस उत्पीड़न के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन करना लोगों का हक है। प्रदेश और देश में लोग अपने इसी हक का प्रयोग करते हुए आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और योगी सरकार ने साजिश रचकर आंदोलन में हिंसा करायी और अब हिंसा का सहारा लेकर बेकसूर लोगों का उत्पीड़न कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गोरखपुर में शांतिपूर्ण आंदोलन में भाजपा-आरएसएस के लोग घुस कर पत्थर फेंकने लगे। ऐसे एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ा भी लेकिन पुलिस ने उसे छुड़ा लिया। उसे जेल नहीं भेजा गया और न कार्रवाई की गई।

कांग्रेस नेता ने कहा कि गोरखपुर में तमाम बेकसूर लोगों को पकड़ कर उत्पीड़न किया जा रहा है। जो लोग दवा लेने, दूध लेने गए थे, अपनी दुकान पर बैठे थे, उनको पकड़ कर जेल भेजा जा रहा है। लोगों के मोबाइल छीने जा रहे हैं। कांग्रेस लोगों का उत्पीड़न नहीं होने देगी और इसके खिलाफ सड़क और सदन पर लड़ेगी।

पत्रकारों द्वारा यह सवाल पूछे जाने पर कि प्रदेश सरकार हिंसा के आरोपियों की सम्पत्ति जब्त करने की बात कर रही है तो उन्होंने उल्टे सवाल किया कि वर्ष 2007 में गोरखपुर से बलिया तक हिंसा करने वाले, वर्ष 2002 में मोहन मुंडेरा गांव जलाने के जिम्मेदार लोगों की भी सम्पत्ति जब्त करने की कार्रवाई होनी चाहिए।

अजय कुमार लल्लू ने विन्ध्यवासिनी नगर जाकर कांग्रेस नेता एवं वरिष्ठ चिकित्सक डा. विजाहत करीम का हालचाल भी लिया। डा. करीम अस्वस्थ हैं और अभी हाल मेें इलाज करा कर लौटे हैं। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विश्वविजय सिंह, जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान सहित सैकड़ों कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

 

Leave a Reply