भव्य भंडारे के साथ अमृतमयी श्रीराम कथा महोत्सव सम्पन्न
नपा कार्यालय के सामने उमड़ा आस्था का सैलाब
भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अवेद्यनाथ सभागार में बीते एक सप्ताह से चल रहे अमृतमयी श्रीराम कथा महोत्सव का समापन शुक्रवार को भव्य भंडारे के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर नगर पालिका कार्यालय के सामने विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें शहर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
भंडारे को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजन स्थल पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, लेकिन व्यवस्थाओं के चलते कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी। स्वयं सेवकों ने पूरी तत्परता के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजकों ने बताया कि कथा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंचे, जिससे पूरा सभागार श्रद्धा और भक्ति में डूबा रहा।
समापन के दिन आयोजित भंडारे में हजारों लोगों ने सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी भी उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रतीक बताया। आयोजन की सफलता में स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति से जुड़े महेश्वर अग्रहरी, संतोष श्रीवास्तव, शिवदत्त अग्रहरि, नीरज श्रीवास्तव, शुभम श्रीवास्तव, संदीप जायसवाल, राघवेंद्र यादव, रमेश गुप्त, रजनीश उपाध्याय, सुनील त्रिपाठी, राकेश त्रिपाठी, अनिल वर्मा, सुनील श्रीवास्तव, श्रीश श्रीवास्तव, पंकज पासवान, देव अग्रहरि आदि की भूमिका अहम रही।





