नार्थ साऊथ कारीडोर के तहत होगा बर्डपुर से पिपरहवा (नेपाल) मार्ग फोरलेन- सांसद पाल

August 2, 2026 4:20 PM0 commentsViews: 197
Share news

अजीत सिंह 

 

सिद्धार्थनगर। जिले के सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा है वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत नार्थ साउथ कारीडोर के विकास हेतु बर्डपुर पिपरहवा मार्ग (नेपाल बार्डर) को फोर लेन में चौडीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इस मार्ग की कुल लम्बाई 9.4 किमी. तथा स्वीकृत लागत 261.49 करोड है। इसकी मंजूरी और वित्तीय स्वीकृति मुख्यमंत्री आदित्यनाथ जी ने मार्च 2026 में दे दिया है।

रविवार को जिला मुख्यालय पर बने पीडब्लूडी के रेस्ट हॉउस पर आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद जगदम्बिका पाल व भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने उक्त मार्ग की कार्यदाई संस्था  प्रांतीय खण्ड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता ई. कमल किशोर व सहायक अभियंता ई. नीरज पाण्डेय के साथ इसकी विधिवत घोषणा की।

उन्होंने कहा कि यह मार्ग भारत नेपाल सीमा क्षेत्र के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण सम्पर्क मार्ग है। जिसके निर्माण होने से विश्व प्रसिद्ध कपिलवस्तु स्तूप तथा कपिलवस्तु विश्वविद्यालय तक आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तेज होगा तथा देश-विदेश से आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को विश्वस्तरीय सड़क सुविधा उपलब्ध होगी तथा व्यपार, पर्यटन, परिवहन व अन्य सेवा क्षेत्रों में रोजगार के नये अवसर सृजित होंगें।

भूमि अधिग्रहण के कार्य हेतु राजस्व की टीम तथा लोक निर्माण विभाग की टीम संयुक्त रूप से भूमि पैमाईश, अभिलेख सत्यापन एवं भवनों के मूल्यांकन का कार्य कर रही है। भूमि अधिग्रहण हेतु रू0-87.00 करोड़ की धनराशि विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी सिद्धार्थनगर खाते में जमा करा दिया गया है।

भगवान गौतम बुद्ध का संदेश

अंत में सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा भगवान बुद्ध ने मानवता को करुणा, शांति और समरसता का मार्ग दिखाया। सड़कें केवल दो स्थानों को नहीं जोड़तीं, बल्कि लोगों, संस्कृतियों, अवसरों और विकास को भी जोड़ती हैं। बर्डपुर पिपरहवा फोरलेन परियोजना भी उसी भावना का प्रतीक है। यह बुद्ध की पावन भूमि को बेहतर संपर्क देकर श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास के नए द्वार खोलेगी।

“भगवान बुद्ध का संदेश था कि ‘बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय’ (अनेक लोगों के हित और सुख के लिए)। यह परियोजना भी उसी भावना को साकार करते हुए जनकल्याण, सुगम आवागमन और क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।”

Leave a Reply