बुद्ध विद्यापीठ पीजी कालेज के शिक्षकों ने दिया ध्रुव कुमार त्रिपाठी को समर्थन
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। बुद्ध विद्यापीठ पीजी कॉलेज नौगढ़ (सिद्धार्थनगर) शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर शक्ति जायसवाल ने महाविद्यालय में अपने शिक्षक साथियों के साथ एक प्रेस वार्ता किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र 2026 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को पूर्ण एवं खुला समर्थन देने की घोषणा की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रोफेसर शक्ति जायसवाल ने कहा
“पिछले 18 वर्षों से शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी की ईमानदार छवि, शिक्षा और शिक्षकों के हितों की आवाज़ को लगातार विधान परिषद के पटल पर उठाना तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से संघर्ष करना उनकी पहचान रही है। उनकी सरलता, सहजता और हर समय उपलब्धता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि भारतीय जनता पार्टी ने इस बार उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। हम सभी शिक्षक जाति, धर्म और सभी प्रकार के बंधनों से ऊपर उठकर उन्हें अपना पूर्ण समर्थन देते हैं।”
प्रेस वार्ता में उपस्थित असिस्टेंट प्रोफेसर मोहम्मद नसरुल मुस्तफा खान ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी से जब भी किसी समस्या को लेकर संपर्क किया गया, उन्होंने उसका त्वरित निराकरण कराया। इसीलिए सभी शिक्षक एकजुट होकर एक बार फिर उन्हें अपना प्रतिनिधि बनाकर विधान परिषद में भेजना चाहते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक वरिष्ठ एवं युवा शिक्षक उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से असिस्टेंट प्रोफेसर मोहम्मद नसरुल मुस्तफा खान, डॉ. नवीन कुमार सोनी, प्रोफेसर भारत भूषण द्विवेदी, गिरिजेश मिश्रा, डॉ. अजय धर द्विवेदी, विनोद वर्मा, डॉ. रघुवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने एक स्वर में ध्रुव कुमार त्रिपाठी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।





