शिक्षकों के लिए शुरु हुआ मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेश चिकित्सा योजना

July 26, 2026 6:23 PM0 commentsViews: 153
Share news

अजीत सिंह 

​सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आगरा से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया गया। इसका लाइव प्रसारण सिद्धार्थनगर के अंबेडकर सभागार में देखा गया, जहां सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक जय प्रताप सिंह, श्यामधनी राही, सैय्यदा खातून, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख संघ अध्यक्ष पंडित लवकुश ओझा, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि इस योजना के तहत उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और उनके आश्रितों को प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। बांसी के विधायक राजा ​जय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ समझौता (MoU) किया गया है, जिसके तहत दुर्घटना की स्थिति में परिवार को बीमा का लाभ मिलेगा।

पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री जी ने शिक्षा और शिक्षकों पर हमेशा विशेष ध्यान दिया है। उन्हें शिक्षकों तथा उनके परिवार के प्रति चिंता रहती है और वह हमेशा प्रदेश के विकास के लिए चिंतित रहते है जिसके अंतर्गत अब उच्च शिक्षा के जिम्मेदारों व उनके परिवारों के लिए 5 लाख तक कैशलेस इलाज की व्यवस्था कर दिया है।

​सदर विधायक श्यामधनी राही ने सम्बोधित करने से पहले खचाखच शिक्षकों से भरे हुए अम्बेडकर सभागार मे भारत माता की जय के नारे लगवाए और कहा कि मुख्यमंत्री जी ने राज्य के शिक्षकों के लिए ऐतिहासिक और कल्याणकारी कदम उठाया है हम अपने जिले की तरफ से उन्हे धन्यवाद ज्ञापित करते हैं।

कार्यक्रम को डुमरियागंज की विधायिका सैय्यदा खातून ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।​ संचालन शिवपति पीजी कलेज शोहरतगढ़ के प्राचार्य डा. अरविन्द सिंह ने किया।

Leave a Reply