सीएम योगी के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, विधायक राही ने तैयारियों का लिया जायजा
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र कपिलवस्तु में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्यामधनी राही के साथ जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा, सांसद प्रतिनिधि रिंकू पाल, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राहुल सिंह, क्षेत्राधिकारी (सीओ) विश्वजीत तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कमल किशोर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, पार्किंग, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। विधायक राही ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कपिलवस्तु आगमन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह का वातावरण है तथा सभी लोग कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं।





