सीएम योगी ने बांसी में की ₹311 करोड़ की परियोजनाओं की बौछार, कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना

August 9, 2026 7:04 PM0 commentsViews: 391
Share news
अजीत सिंह 
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 अगस्त 2026 को सिद्धार्थनगर जिले में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ₹311 करोड़ से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। बांसी के राजा रतन सेन इंटर कॉलेज परिसर में अपार भीड़ के साथ आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता का नशा ही उसके पतन का कारण है।
उन्होंने कहा कि देश में लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस ने किसानों, गरीबों और महिलाओं के लिए क्या किया, यह जनता को पूछना चाहिए। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है और दुनिया के सामने मजबूती के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सिद्धार्थनगर को आकांक्षात्मक जिले के रूप में विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए। नीति आयोग से 25 करोड़ रुपये का पुरस्कार पाने वाला देश का पहला जनपद सिद्धार्थनगर रहा है। विकास अपने आप नहीं होता, उसके लिए प्रयास करना पड़ता है।
बुनियादी ढाँचे पर जोर: इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात की और उन्हें मंच से प्रमाण पत्र, चाभी और स्वीकृति पत्र वितरित किए।
इससे पहले कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक राजा जय प्रताप सिंह, श्यामधनी राही, विनय वर्मा, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, डा. सतीश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, नपा अध्यक्ष गोविंद माधव, पूजा पाल सिंह, बांसी राजघराने की महारानी, भाजपा महामंत्री फतेबहादुर सिंह, बृजबिहारी मिश्रा, लाल बाबा, रामकुमार कुँवर, कन्हैया पासवान, सत्य प्रकाश राही ने भी संबोधित व मुख्यमंत्री का स्वागत व आभार जताया।
सुरक्षा और कानून व्यवस्था: मुख्यमंत्री ने इस दौरान कानून व्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने साफ संदेश दिया कि राज्य में बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कार्यक्रम समाप्ति पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मुख्यमंत्री को जिले की तरफ से भगवान बुद्ध की मूर्ति भेंट किया।
पूर्व मंत्री से मुलाकात: जनसभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा जय प्रताप सिंह के आवास पर भी गए और उनसे मुलाकात की।

Leave a Reply