ज़िले में कांग्रेस का महिला घोषणा पत्र जारी, महिलाओं की बस यात्रा फ्री होगी,

December 19, 2021 4:28 PM0 commentsViews: 508
Share news

लड़कियाें को मिलेगा लैपटाप और स्मार्ट फोन,

आशा बहुओं का माननदेय दस हजार प्रतिमाह

अजित सिंह


सिद्धार्थनगर। कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के साथ आज सिद्धार्थ नगर में भी “शक्ति विधान महिला घोषणा पत्र” जारी कर दिया। आज़ जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी डा• चन्द्रेश उपाध्याय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरन शुक्ला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष डा. अरविन्द शुक्ला ने पार्टी का शक्ति विधान महिला घोषणा पत्र जारी किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी श्रीमती प्रियंका गांधी ने महिलाओं को सशक्त बनाने एवं उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए देश के इतिहास में पहली बार अलग से महिला घोषणा पत्र तैयार किया है जो महिलाओं को मजबूती और शक्ति देगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोकसभा में मात्र 14 एवं राज्यसभा में 11.6 प्रतिशत महिलाएं सांसद हैं जबकि उत्तर प्रदेश के 403 में से मात्र 40 महिलाएं विधायक हैं इसे ध्यान में रखते हुए प्रियंका गांधी ने महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाओं को पार्टी से टिकट देने का वादा किया है। इसके साथ ही यदि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो नए सरकारी पदों में प्रावधान के अनुसार 40 प्रतिशत महिलाओं की नियुक्ति की जाएगी और संपूर्ण उत्तर प्रदेश में महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। और इंटर पास छात्राओं को स्मार्ट फोन एवं स्नातक पास छात्राओं को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी दी जाएगी।
प्रेस वार्ता में लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी डा. चन्द्रेश उपाध्याय ने कहा कि आंगनबाड़ी और आशा बहुओं का मानदेय दस हजार रुपए होगा तथा महिलाओं को हर साल तीन गैस सिलेंडर मुफ्त उपलब्ध कराये जायेंगे। पुलिस बल में 25 प्रतिशत नौकरियां महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी। किसी भी बीमारी में प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज प्रदान किया जाएगा।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरन शुक्ला एवं युवा कांग्रेस अध्यक्ष डा. अरविन्द शुक्ला ने कहा कि निश्चित रूप से यह महिला घोषणा पत्र उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने में तथा उत्तर प्रदेश में महिलाओं को खुशहाली और उन्नति के रास्ते पर ले जाने के लिए महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।
इस दौरान रंजना मिश्रा, डा. सरफराज अन्सारी, कृष्ण बहादुर सिंह, दिनेश वर्मा, सादिक अहमद, देवेन्द्र गुड्डू, नन्द किशोर चौरसिया, रेखा भारती, ज्योति पाण्डेय, अनिल सिंह अन्नू, पप्पू खान, सुनील यादव, रियाज़ मनिहार, लक्ष्मी प्रसाद यादव, आसिफ खान, ज्योति पाण्डेय, जयंती पाण्डेय, रुखमीना, कुसुम अग्रहरि, रजनी पाठक, राजन श्रीवास्तव, निवास अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे

Leave a Reply