दहेज के लिये शहज़ादी को जान से मारा गया? मां-पाप ने किया इंसाफ की पुकार

April 10, 2026 10:37 PM0 commentsViews: 150
Share news

आरोप है कि पुलिस ने मुल्जिमान को हिरासत में लेकर छोड़ दिया

शहज़ादी के पिता ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

 

अजीत सिंह

सिद्धार्थनगर। विवाहिता की मौत के बाद, मृतका के पिता ने उसके पति उसके ससुर, सास सहित अन्य ससुरालीयों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामला सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगलीपुर गांव का है।

मृतिका शहजादी फातिमा के पिता नूर मोहम्मद ने भवानीगंज थाने और फिर पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर में लिखा है कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 3 जुलाई 2023 को भवानीगंज थाना के भवानीगंज गांव निवासी अरशद अली पुत्र मोहम्मद इदरीश के साथ की थी। उस समय उन्होंने अपनी बेटी की शादी में 2 लाख कैश और अपने हैसियत के अनुसार दहेज के सारे सामान भी दिया था । लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उनके दामाद अरशद अली उसके पिता इदरीश और घर के अन्य लोग लगातार और दहेज की मांग करने लगे। जिसके पूरा न होने पर ये लोग उनकी पुत्री शहजादी का लगातार मानसिक उत्पीड़न करते हुए मारपीट भी करते थे। मृतका के पिता ने बताया कि 5 अप्रैल की रात लगभग 1 बजे उनके दामाद अरशद अली के पिता मोहम्मद इदरीश ने उन्हें मोबाइल पर जानकारी दी की उनकी बेटी की तबीयत खराब है और जल्दी से वे यहां आ जाएं।

वह और उनके घर वाले तत्काल अपनी बेटी की ससुराल पहुंचे तो उनकी बेटी शहजादी मृत्यु अवस्था में मिली। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने और उनके घर वालों ने अपनी बेटी के शरीर को देखा तो उसके शरीर पर कई चोट के निशान थे और ऐसा लग रहा था कि उसको कुछ ज़हरीला पदार्थ खिलाया गया है। इसके बाद उन लोगों ने भवानीगंज थाने में उनके दामाद अरशद अली, उसके पिता मोहम्मद इदरीश, सास खुशबूनिशा, जेठ, जेठानी और देवर पर मारपीट कर कोई जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या करने की तहरीर दी स्थानीय थाने में दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और उसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया साथ ही आरोपी लोगों को थाने पर भी ले गई। लेकिन कुछ देर बाद ही उन लोगों को छोड़ दिया। और आज तक उनकी गिरफ्तारी नही हुई है। मृतका शहजादी के पिता नूर मोहम्मद ने आरोप लगाया है कि इधर कुछ दिनों से ये लोग लगातार उनकी बेटी से और पैसे लाने की मांग कर रहे थे। वह उसको नहीं पूरा कर सके इसलिए इन लोगों ने उनकी बेटी की मारपीट कर, कुछ खिलाकर हत्या कर दी।

नूर मोहम्मद ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अभी तक पुलिस इन लोगों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। इसकी शिकायत इन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर भी किया है लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हुआ। इसलिए मजबूर होकर वह आज पुलिस कप्तान से न्याय के लिए मिलने आए हैं। नूर मोहम्मद ने बताया कि पुलिस कप्तान ने उन्हें न्याय का भरोसा दिया है। नूर मोहम्मद ने इस मामले में जांच कर जल्द से जल्द इन आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

Leave a Reply