Breaking news- देवरिया में एक हत्या के बदले पूरे परिवार का कत्ल, मृतकों में दो मासूम भी

October 2, 2023 12:04 PM0 commentsViews: 910
Share news

पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की हत्या के बाद गुस्साई भीड़ ने सत्यप्रकाश दुबे सहित उनके परिवार के चार सदस्यों को भी मार डाला

नजीर मलिक

घटना के बाद बिलखती हुई पीड़ित पक्ष की एक महिला

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वहां के रुद्रपुर थाने के पास फतेहपुर गांव में एक हत्या के बदले में एक परिवार के पांच लोगों को मार डाला गया है। कुल 6 लोगों की हत्या के बाद गांव में तनाव फैल गया है। गांव पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इस हादसे के कारण गांव में चतुर्दिक अफरा तफरी मची हुई है। घटना के तत्पश्चात मौके पर पीएसी पहुंच रही है। छह लोगों की हत्या से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा है। 

जानकारी के अनुसार, देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली इलाके के फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोला पर पुरानी रिजिश को लेकर उसी गांव के निवासी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की सोमवार सुबह पीट पीट कर हत्या कर दी गई। घटना के प्रतिशोध में उमड़ी भीड़ ने आरोपी पक्ष के सत्यप्रकाश दुबे के दरवाजे पर पहुंच कर सत्यप्रकाश दुबे पर हमला किया और उन्हें मार डाला।

सत्य प्रकाश की हत्या के बाद विभिन्न असलहों मसलन लाठी, डंडों, छुरों आदि से लैस आक्रोशित लोगों की भीड़ ने मृतक सत्य प्रकाश के घर में घुस कर दो बच्चों, एक महिला और एक अन्य की हत्या कर दी। मृतकों में सत्यप्रकाश की पत्नी, 18 वर्षीया बेटी सलोनी व 10 वर्षीया बेटी नंदिनी,  तथा 15 साल का बेटा गांधी शामिल है जबकि 8 वर्षीय बेटा अन्मोल बुरी तरह घायल है।  घर में मौजूद अन्य लोगों ने भाग कर किसी तरह जान बचाई। घटना के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई। मौके पर पुलिस पहुंच गई। दोनों परिवारों में करूण विलाप जारी है। इसी के साथ अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

ज्ञात रहे कि सोमवार की सुबह जब गांधी जयंती के अवसर पर लोग गांधी जी का जन्मदिन मना रहे थे, उसी समय घटी इस लोमहर्षक घटना से देवरिया जिला ही नहीं पूरा पूर्वांचल अवाक रह गया है। सुबह आठ बजे घटित घटना के विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है। समाचार लिखते समय ज्ञात हुआ है कि पुलिस पीएसी के आते ही कुछ लोग गांव से भाग निकले हैं।

 

Leave a Reply