ढेबरुआ क्षेत्र के दो गांवों में लाखों की चोरी, माह भीतर दर्जनों चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
ओज़ैर खान
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के दो गांवों दुधवनियां बुजुर्ग और सेवरा में बीती 30/31अगस्त की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में हुई इस दुस्साहसिक घटनाओं के अलावा एक माह के अंदर पुरे जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्जनों चोरियों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
दुधवनियां बुजुर्ग गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 730 किनारे स्थित अतहर आलम पुत्र स्व. अब्दुल मुस्तकीम के घर में चोर पीछे की चैनल और सीढ़ी के दरवाजे का ताला तोड़कर दाखिल हुए। दो मंजिलों पर स्थित कमरों की अलमारी और बक्सों से ₹1,22,000 नगद और लगभग 4 लाख रुपए के सोने के आभूषण जिसमें एक हार, दो झाला और अन्य सामान शामिल थे चुरा लिए गए। चोरों ने घर के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे, जिससे परिजन सुबह तक भीतर ही कैद रहे। जब दरवाजा खोला गया, तब लूट का पूरा दृश्य सामने आया।
इसी रात सेवरा गांव में जगदीश कुमार के घर में चोरी की वारदात हुई। चोरों ने घर के पिछले हिस्से से प्रवेश कर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़े और ₹9,500 नगद, चांदी का पायल, मंगलसूत्र और नाक की कील लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार गहरी नींद में था। सुबह जब दरवाजा खोला गया, तब चोरी का पता चला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इन दोनों घटनाओं से कुछ ही घंटे पहले, रात लगभग 11 बजे गांव के पास कुछ संदिग्धों को बाइक पर देखा गया। ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए पीछा किया, जिसके बाद एक बाइक गांव के सिवान में मिली और लगभग 500 मीटर दूर धान के खेत में दो बोरी नेपाली शराब बरामद हुई। इससे तस्करी और संगठित अपराध की आशंका है, लेकिन पुलिस अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है।





