28 जुलाई से सभी बीआरसी पर बनेगा दिव्यांग बच्चों का प्रमाण पत्र
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। जिले के परिषदीय, सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत विशिष्ट आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए 28 जुलाई से 21 अगस्त तक जिले 14 विकास खंडों में मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कैंप संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में आयोजित होगा।
कैंप में बच्चों का चिकित्सीय परीक्षण कर उनकी दिव्यांगता का आकलन किया जाएगा। पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी। यह जानकारी समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक करुणापति त्रिपाठी ने दी है।





