दिव्यांग छात्रों का बनेगा प्रमाण पत्र, 16 जुलाई से लगेगा ब्लाक वाइज कैम्प
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। समेकित शिक्षा के तहत स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। इसके लिए जनपद के सभी 14 ब्लाक संसाधन केंद्र पर 16 जुलाई से 26 अगस्त के बीच एक दिवसीय शिविर लगाया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि शासन की ओर से कक्षा एक से 12 तक में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों के प्रमाण-पत्र बनाए जाने है। चिकित्सकों की टीम द्वारा आंकलन करने के बाद मेडिकल एसेसमेंट कैंप में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार चौरसिया की ओर से कैम्प में चिकित्सकों की ड्यूटी तय कर दी गई है। जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) करुणापति त्रिपाठी ने बताया कि 16 जुलाई को बीआरसी लोटन में कैंप लगाया जाएगा, इसके बाद बीआरसी खेसरहा में 18 जुलाई , उस्का में 22 जुलाई , खुनियान्व में 24 जुलाई ,जोगिया में 26 जुलाई ,बढ़नी में 29 जुलाई , नौगढ़ में 31 जुलाई , भनवापुर में पांच अगस्त ,बांसी में सात अगस्त , मिठवल में 12 अगस्त ,डुमरियागंज में 19 अगस्त ,बर्डपुर में 21 अगस्त, इटवा में 23 अगस्त और शोहरतगढ़ में 26 अगस्त को शिविर लगाया जाएगा।
इन चिकित्सकों की लगाई गई ड्यूटी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार दिव्यांगता परीक्षण के लिए आर्थो सर्जन डा . विमल द्विवेदी नेत्र सर्जन डा. आरके शर्मा, डा. समीम अहमद व डा. ऋषि त्रिपाठी और ईएनटी विशेषज्ञ संजय कुमार शर्मा की ड्यूटी लगाई गई है़।





