दिव्यांग छात्रों को मिलेगा सहयोगी उपकरण, एलिम्को कानपुर करेगा वितरण
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों में पढ़ रहे दिव्यांग छात्र-छात्राओं के सहयोग हेतु उपकरण वितरण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। एलिम्को कानपुर के सहयोग से यह सहयोगी उपकरण वितरित किए जाएंगे।
समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक करुणापति त्रिपाठी ने बताया कि जिले के 438 परिषदीय स्कूलों के दिव्यांग छात्र-छात्राओं के मापन-चिन्हांकन का कार्य बुधवार को बांसी बीआरसी पर व बृहस्पतिवार को इटवा बीआरसी पर होगा। मापन कैंप के बाद राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा उपकरण वितरण हेतु तिथि का निर्धारण अलग से किया जाएगा। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे दिव्यांग छात्र-छात्रा जिनका पंजीयन समर्थ पोर्टल पर है, इनको ही उपकरण हेतु चिन्हित किया जाएगा।
कैंप में दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, लॉकमोटर, बौद्धिक अक्षम, पक्षाघात आदि तरह के दिव्यांग बच्चे शामिल होंगे। इसमें ब्रेल किट, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, शूज, हियरिंग एड समेत अन्य उपकरण मिलेगा। बीएसए शैलेश कुमार ने कहा कि एलिम्को कैंप से मिलने वाले उपकरणों से दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा में आने में सहयोग मिलेगा। उनका दैनिक जीवन में सहायक होने के साथ-साथ पठन-पाठन में भी सहयोगी होंगे।





