डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर डुमरियागंज में उमड़ा जनसैलाब, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला ने भरा राष्ट्रवाद का संकल्प
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रनिर्माण और अखंड भारत के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रवाद की एक नई अलख जगती दिखाई दी। स्थानीय अग्रहरि मैरिज हॉल में आयोजित ‘संस्मरण पखवाड़ा’ कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता और प्रबुद्ध वर्ग का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। इस गरिमामयी कार्यक्रम का संयोजन डुमरियागंज के लोकप्रिय पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या व संचालन महामंत्री फतेबहादुर सिंह ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संतकबीरनगर के पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष अष्टभुजा शुक्ला उपस्थित रहे। उनका मार्गदर्शन पाकर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता और आम जनमानस देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत नजर आए।
’एक देश में दो निशान, दो प्रधान और दो विधान नहीं चलेंगे’
मुख्य अतिथि अष्टभुजा शुक्ला ने दीप प्रज्वलन कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उपस्थित देवतुल्य जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने डॉ. मुखर्जी के जीवन संघर्षों और देश के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ठ अतिथि कपिलवस्तु विधानसभा के विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि ”डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का जीवन हम सभी के लिए एक मार्गदर्शिका है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए सत्ता का सुख पल भर में त्याग दिया था। कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए उनका नारा ‘एक देश में दो निशान, दो प्रधान और दो विधान नहीं चलेंगे’ आज भी हर सच्चे राष्ट्रभक्त के दिलों में गूंजता है।” इससे पहले श्री राही ने उपस्थित जनसमूह से भारत माता वन्दे मातरम के नारे भी लगवाएं।
विशिष्ठ अतिथि बांसी के विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि आज देश जिस मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है वह डॉ. मुखर्जी के सपनों का ही भारत है। उन्होंने युवाओं और उपस्थित जनता से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और राष्ट्रनिर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने जताया आभार
कार्यक्रम के आयोजक और पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि अष्टभुजा शुक्ला का गर्मजोशी से स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि डुमरियागंज की जनता हमेशा से राष्ट्रभक्तों और महापुरुषों के विचारों का सम्मान करती आई है। डॉ. मुखर्जी के पदचिह्नों पर चलकर ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्र से आए ‘देवतुल्य जनसमूह’ का सहृदय आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार कुँवर, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, कन्हैया पासवान, लालजी त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी ब्लाक प्रमुख लवकुढ़ ओझा, अधिवक्ता राजीव अग्रहरी, गणेश सिंह व क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, भारी संख्या में मातृशक्ति, युवा और क्षेत्रीय सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा।





