पांच साइबर क्रिमिनल गिरफ्तार, अभियुक्तों में एक नेपाली नागरिक भी

December 18, 2025 3:21 PM0 commentsViews: 230
Share news

अजित सिंह

सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके पास से साइबर फ्रॉड के 98 हज़ार 2 सौ रुपये नगद, 7 स्मार्टफोन, एक मोटरसाइकिल, एक मारुति स्विफ्ट कार भी बरामद किया है। इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी जिले के कपिलवस्तु थाना पुलिस द्वारा की गई। पकड़े गए पांच अभियुक्त में से शहजाद, परवेज, अब्दुल्ला, और मोहम्मद वसीम सिद्धार्थनगर जिले के निवासी हैं जबकि उनका साथी आशीष कुमार मिश्रा पड़ोसी मुल्क नेपाल के चाकरचौड़ा का रहने वाला है।

पांचों साइबर अपराधियों को पुलिस ने समुचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया है। इन साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कप्तान अभिषेक महाजन ने बताया कि कई महीनो से सिद्धार्थनगर पुलिस के समन्वय पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से एक खाते में एक करोड़ 7 लाख 37 हज़ार 20 रुपये साइबर फ्रॉड करने की शिकायत मिल रही थी।

शिकायतों के आधार पर संबंधित खाते की जांच की गई तो खाता से उक्त धनराशि के फाइनेंशियल फ्रॉड का मामला सामने आया। पुलिस कप्तान ने बताया कि साइबर अपराध का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को उनके द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस की टीमें और गहनता से छानबीन कर रही हैं उन्होंने कहा कि इस साइबर अपराध के काम में जो लोग भी लगे हैं उनको व उनके अन्य साथियों को भी पुलिस जल्दी गिरफ्तार करेगी।

Leave a Reply