गांवों के विकास में ग्राम विकास अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण- शेषमणि सिंह

October 12, 2022 10:10 PM0 commentsViews: 283
Share news

अजीत सिंह

सिद्धार्थनगर। गांवों के विकास में ग्राम विकास अधिकारी की भूमिका अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। बिना किसी प्रलोभन, दबाव के शासकीय कार्यों का निर्वहन करना चाहिए। ग्रामवासियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए सदैव तत्पर होने की कोशिश हो।

यह बातें जिला विकास अधिकारी शेषमणि सिंह ने कही। वह बुधवार को शहर के एक होटल में वर्ष 2018 बैच के ग्राम विकास अधिकारियों के चार वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी, कर्मचारी को कार्य एवं दायित्व के प्रति सदैव सतर्कता बरतनी चाहिए। जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक पात्रों तक पहुंचे, यही प्रयास हो। इसके लिए सामूहिक रूप से सभी को संकल्प लेना होगा।

जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी ने कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद लोक सेवक का दर्जा मिल जाता है। इस रूप से समाज के सभी वर्गों की खुशहाली के साथ ही सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करने पर विशेष फोकस रहे।

उत्तर प्रदेश ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष पांडेय ने संगठन के क्रिया-कलापों के बारे में जानकारी दी। मंडल अध्यक्ष राकेश पांडेय ने भी विचार व्यक्त किया।

अंत में कार्यक्रम संयोजक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुजीत कुमार जयसवाल की अगुवाई में उपस्थित ग्राम विकास अधिकारियों का सम्मान करते हुए प्रशस्ति पत्र दिया गया। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, लालजी शुक्ला और राकेश शुक्ला, ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिला मंत्री परमात्मा यादव समेत हरेंद्र नाथ पांडेय, मुकेश कुमार, विनय श्रीवास्तव, रविंद्र जाटव, ईश्वर देव, वसीक उर्रहमान, जय सिंह गुप्ता, गायत्री देवी, अंबुजा जायसवाल भी मौजूद थी।

Leave a Reply