गोरखपुर-बस्ती मंडल में भगवा की जय-जय, विपक्ष का सूपड़ा साफ

May 24, 2019 3:16 PM0 commentsViews: 610
Share news

अजीत सिंह

सिद्धार्थनगर। गोरखपुर-बस्ती मंडल की सभी नौ लोकसभा सीटों पर भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। गोरखपुर से भाजपा प्रत्याशी रवि किशन तीन लाख से अधिक वोटों से चुनाव जीत गए हैं। महराजगंज के भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी और कुशीनगर के भाजपा प्रत्याशी विजय दुबे भी तीन लाख से अधिक वोटों से जीत गए है।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में गोरखपुर-बस्ती मंडल के नौ सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में भाजपा ने गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर और देवरिया से प्रत्याशी बदल दिया था।
गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी फिल्म अभिनेता रवि किशन ने गठबंधन के प्रत्याशी रामभुआल निषाद को 3,01664 मतों से हराया। रवि किशन ने 7,17,122 वोट मिले जबकि रामभुआल निषाद को 415458 मत मिले। कांग्रेस प्रत्याशी को 22972 मत मिले।

गोरखपुर जिले की बासगांव सुरक्षित सीट पर भाजपा प्रत्याशी कमलेश पासवान ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी सदल प्रसाद को 1,48,574 मतों से हराया। बस्ती मंडल के डुमरियागंज सीट पर भाजपा प्रत्याशी जगदम्बिका पाल भी लगातार तीसरी बार सांसद बने हैं। उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी आफताब आलम को एक लाख से अधिक  वोटों से हराया।

महराजगंज में भाजपा के पंकज चैधरी फिर विजयी हुए है। वह इस सीट पर छठीं बार सांसद बने है। पंकज चैधरी की जीत तीन लाख से अधिक वोट से विजयी हुए हैं। उन्हें 645894 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के अखिलेश सिंह को 342771 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेता को 65198 मत मिले।

कुशीनगर में भाजपा प्रत्याशी विजय दुबे ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने सपा प्रत्याशी एनपी कुशवाहा को 3,35,588 मतों से हराया। कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरपीएन सिंह 1,44,626 वोट मिले। देवरिया में भाजपा प्रत्याशी डा. रामापति राम त्रिपाठी ने 2,44,286 वोट से जीत दर्ज की है।
सलेमपुर में भाजपा प्रत्याशी रविन्द्र प्रसाद कुशवाहा 1 लाख से भी अधिक मतों से विजयी हुए हैं।

बस्ती और संतकबीरनगर में भाजपा का गठबंधन प्रत्याशियों से कड़ा मुकाबला हुआ। संतकबीरनगर में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कुमार निषाद 35 हजार वोटों से विजयी हुए हैं। उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी को हराया। कांग्रेस प्रत्याशी भालचन्द्र यादव तीसरे स्थान पर रहे। बस्ती में भी कड़े संघर्ष में भाजपा प्रत्याशी हरीश चन्द्र द्विवेदी ने गठबंधन प्रत्याशी राम प्रसाद चैधरी को 34798 मतों से हराया।

Leave a Reply