हत्या के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए परिजनों ने ज्ञापन सौंप दी चेतावनी
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। जिले के जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नादेपार में युवक शिवम कसौधन की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के पिता इन्द्रेश कसौधन ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उप्र उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय कसौधन के नेतृत्व में परिजनों व ग्रामीणों द्वारा गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंप गिरफ्तारी ना होने की दशा में भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है।
पीड़ित परिवार द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार 10 मार्च 2026 को शिवम कसौधन की नृशंस हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की कार्रवाई संदिग्ध और धीमी रही है जबकि पुलिस अधीक्षक ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, अब तक सिर्फ एक आरोपी प्रिंस वर्मा ही गिरफ्तार हुआ है। मुख्य आरोपी पवन वर्मा, उनकी पत्नी, प्रिंस मिश्रा और प्रियांशु मिश्रा अब भी फरार हैं।
मृतक के पिता इन्द्रेश कसौधन ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस के संरक्षण के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि वह अपने परिवार और ग्रामवासियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल और चक्का जाम करने को बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल, इस मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।





