चोर नें नाटकीय अंदाज़ में डॉक्टर के घर 20 लाख के नकदी व ज़ेवर उड़ाए
लगभग एक करोड़ की चोरी का अनुमान, तकनीकी कारणों से चोरी की रकम कम दर्ज कराई गई
आरिफ मक़सूद
सिद्धार्थनगर। तहसील मुख्यालय इटवा में गुरुवार की रात डॉक्टर अक्लीमा खातून के आवास व हॉस्पिटल को एक चोर ने बहुत शातिर अंदाज़ में निशाना बना कर लगभग बीस लाख का मालमत्ता समेट कर फरार हो गया। वैसे डॉ. के निकटवर्ती सूत्रों के मुताबिक घटना में लगभग 80 लाख से एक करोड़ की संपत्ति के चोरी होने का अनुमान है। डॉ अक्लीमा का आवास व हॉस्पिटल इटवा – डुमरियागंज मार्ग पर स्थित है। रात के पहले पहर में ही हुई इस घटना से कस्बे में हड़कंप मचा हुआ है।
नाटकीय अंदाज़ में चोरी की यह घटना रात 8 और 9.45 बजे के बीच हुई। मकान मालिक ओसामा रब्बानी अपनी पत्नी डॉ. अक्लीमा और परिवार के साथ करीब आठ बजे ग्राम हिंगुवा स्थित अपने ससुराल गए थे। उन्होंने घर में ताला लगा दिया था। रात करीब 9.45 बजे पड़ोसी ने फोन कर सूचित किया कि उनके घर से आरी से कुछ काटने की आवाज आ रही है।
ओसामा तुरंत अपने साले के साथ घर की ओर निकले। रास्ते में उन्हें फिर से फोन आया कि कोई व्यक्ति दूसरी मंजिल से कूदकर पीछे की तरफ भाग रहा है। जब वे घर पहुंचे तो देखा कि ऊपरी मंजिल पर सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का लॉक टूटा था और उसमें से नकदी और सोने के जेवर गायब थे। चोरी में घर के गहनों के अलावा ओसामा की साली की शादी के गहने भी शामिल थे। अनुमानित नुकसान 15 से 20 लाख रुपये का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।
एक सूत्र का ये भी कहना है की एक ज़मीन की रजिस्ट्री करने की नीयत से घर मे लगभग 50 लाख रुपये अलग से भी रखे थे। वह भी चोर ले गया। तकनीकी कारणों से उस रुपये को पुलिस को नहीं बताया गया। डॉ के परिवार एवं रिश्तेदारों के बीच लगभग 1 करोड़ के चोरी की सुगबुगाहट है
इस बारे में इटवा थाना के एसएचओ श्याम सुंदर तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद कस्बे में भय का माहौल है।





