युवा समाजसेवी और कांग्रेस नेता अहसन जमील खान ने थामा ‘आप’ का हाथ, बड़ी ज़िम्मेदारी मिलने के आसार

October 21, 2019 11:45 AM0 commentsViews: 421
Share news

अजीत सिंह

सिद्धार्थनगर। नई प्रदेश टीम बनने के साथ ही प्रदेश भर में सभी जिलों में आम आदमी पार्टी से लोगो का जुड़ना निरन्तर जारी है।इसी क्रम में आज यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और युवा नेता, “सिद्धार्थनगर साहित्य सम्मेलन” के संस्थापक और इटवा निवासी जनपद के तेज तर्रार समाजसेवी अहसन जमील खान ने लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय पर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने पार्टी की टोपी पहनाकर जमील खान को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर क़ाज़ी इमरान लतीफ़ और महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव समेत प्रदेश कार्यकारिणी के तमाम पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि जमील खान जैसे शिक्षित युवाओं की आम आदमी पार्टी और देश की राजनीति को बहुत आवश्यकता है, कहा कि हम जमील खान का पार्टी में स्वागत एवं अभिनन्दन करते हैं।..डुमरियागंज निवासी कद्दावर “आप” नेता  पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर क़ाज़ी इमरान लतीफ़ ने कहा कि युवा समाजसेवी जमील खान सिद्धार्थनगर जनपद की अमूल्य धरोहर सरीखे है। इनके आने से आम आदमी पार्टी को जनपद में बहुत मज़बूती मिलेगी।

पार्टी के महिला प्रकोष्ठ “आप” की नारी शक्ति की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में ऐतिहासिक कार्य किये हैं जिसके कारण देश भर में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ रही है। विशेषरूप से युवाओं में आम आदमी पार्टी खासी पैठ बना चुकी है। जमील खान के आने से प्रदेश के पिछड़े जिलों में से एक सिद्धार्थनगर में पार्टी संगठन को मज़बूती मिलेगी।

युवा समाजसेवी एहसन जमील खान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एव दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में ईमानदारी और इंसानियत के इक़बाल को बुलन्द किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के अद्भुत कार्यों और पार्टी के राज्यसभा सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी से जुड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि जनपद में पार्टी के संगठन को मज़बूती प्रदान करने के लिए पार्टी के साथियों के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाए जाएंगे और समाज के प्रत्येक वर्ग को पार्टी से जोड़ा जाएगा।

बताते चलें कि अहसन जमील खान जनपद की इटवा तहसील के पिपरा पठान गांव के रहने वाले हैं। इनकी शिक्षा दीक्षा मुम्बई में हुई। तकनीकी शिक्षा पूरी करने के बाद जमील खान ने मातृभूमि में तकनीकि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक संस्थान की स्थापना की। समाज सेवा के क्षेत्र में इनका योगदान अतुलनीय रहा है। जमील खान जनपद के मशहूर कार्यक्रम “सिद्धार्थनगर साहित्य सम्मेलन” के संस्थापक है।

जमील खान कांग्रेस पार्टी में बेहद सक्रीय रहे है। पूर्व में जमील खान यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे हैं और कांग्रेस पार्टी  और जनपद की सियासत में विशेष स्थान रखते हैं।

 

Leave a Reply