सिद्धार्थनगर में जमीनी विवाद में गोली मारकर हत्या, तीन हिरासत में
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मोहल्ले में रविवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी के बाद 47 वर्षीय रामशंकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली उनके सीने में लगी और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जगदीशपुर निवासी अतुल दुबे के परिवार की तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
रामशंकर के स्वजन का आरोप है कि कहासुनी के दौरान अतुल दुबे रामशंकर को खींचते हुए अपने घर के भीतर ले गया और वहां अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से गोली मार दी। गोली लगने से रामशंकर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आ सकती है सच्चाई
घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आने के बीच पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार अतुल दुबे के घर में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। ऐसे में घटना के समय की फुटेज से विवाद की शुरुआत और गोली चलने की परिस्थितियों की जानकारी मिल सकती है। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से एक-एक साक्ष्य एकत्र किया। पुलिस ने अतुल दुबे के परिवार की तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है।
गोली मारकर हत्या की पुष्टि : एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि रामशंकर की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले के अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






