भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा रसोत्सव का शुभारंभ

May 24, 2026 11:18 PM0 commentsViews: 49
Share news

श्री राधा कृष्ण मंदिर से सिद्धपीठ श्रीसिहेंश्वरी देवी मंदिर तक निकली श्रद्धा की धारा, भक्ति में झूमे श्रद्धालु

 

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। नगर क्षेत्र के भीमापार स्थित श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर में रविवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा रसोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। कथा आरंभ से पूर्व मंदिर परिसर से नगर के प्रसिद्ध एवं सिद्धपीठ श्रीसिहेंश्वरी देवी मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कलश यात्रा के दौरान सदर विधायक प्रतिनिधि युवा भाजपा नेता सत्य प्रकाश राही की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

कथा व्यास हितायुष (राधावल्लभ नागाजी) के सान्निध्य में निकली कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा की अगुवाई की, जबकि पुरुष श्रद्धालु भगवा ध्वज लेकर “जय श्री राधे-श्याम” और हरिनाम संकीर्तन के साथ भक्तिमय उल्लास में झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह देखते ही बन रहा था।

यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। कलश यात्रा की व्यवस्थाओं और आयोजन की देखरेख में राजेश मणि त्रिपाठी, प्रेम पांडेय, परमेश त्रिपाठी, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, रंजनेश धर दुबे, जटाशंकर पांडेय, ओपी मिश्रा एवं दिनेश त्रिपाठी सहित कई श्रद्धालु सक्रिय रूप से जुटे रहे।

आयोजकों ने बताया कि श्री राधा कृष्ण मंदिर निर्माण एवं भगवान श्री राधा-कृष्ण की प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 24 मई से 31 मई तक श्रीमद्भागवत कथा रसोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कथा व्यास हितायुष (राधावल्लभ नागाजी) प्रतिदिन श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा का आयोजन प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक होगा।

कार्यक्रम का समापन 31 मई को पूर्णाहुति, हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। कलश यात्रा में भाजपा नेता सत्य प्रकाश राही के आलावा कर्मचारी नेता रंजनेश धर दूबे, दिनेश मिश्रा, गणेश तिवारी, सुभाष तिवारी, विनय श्रीवास्तव, मदन त्रिपाठी, राजकुमार शर्मा, संजय दुबे, अजय मिश्रा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Leave a Reply